एक मां की दो बेटियां, दो अलग रास्ते…. एक घर में रही, दूसरी ने तय कर ली 186 किमी की दूरी… भालुओं में घर छोड़ने की आदत क्यों होती है?
एक मां की दो बेटियां, अलग रास्ते… भालुओं में घर छोड़ने की आदत क्यों होती है?
Agency:एजेंसियां
Last Updated:
कर्नाटक के गुडेकोटे स्लॉथ बेयर सेंक्चुरी में जन्मी दो मादा भालू बहनों बिंदु और सिंधु की परवरिश एक जैसी हुई, लेकिन बड़ी होने पर बिंदु ने 186 किमी दूर आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा रिजर्व फॉरेस्ट को अपना ठिकाना बनाया. बिंदु ने फोर लेन हाईवे पार किए, रेलवे ट्रैक पार किए और आबादी वाले इलाकों से होते हुए नए जंगल तक पहुंची.
एक मां की दो बेटियां, दोनों का जन्म और परवरिश तकरीबन एक जैसी, लेकिन बड़ा होकर दोनों ने अलग रास्ते चुने. एक अपनी मां के इलाके में रही और दूसरी ने 186 किलोमीटर दूर दूसरे राज्य के जंगल को चुना. बात हो रही है कर्नाटक के गुडेकोटे स्लॉथ बेयर सेंक्चुरी में जन्मी दो मादा भालू बिंदु और सिंधु की. जीपीएस रेडियो कॉलर की मदद से इन पर नजर रखी गई. अध्ययन में सामने आया कि दोनों बहनों के व्यवहार में व्यस्क होने के बाद बड़ा अंतर आया. सिंधु अपनी मां के इलाके में रही, लेकिन बिंदु ने 11 दिन में 186 किलोमीटर का सफर तय किया और आंध्रा के पेनुकोंडा रिजर्व फॉरेस्ट को अपना ठिकाना बनाया. (फोटो-pixabay)
बिंदु का मामला इसीलिए अलग है क्योंकि उसने सिर्फ अपनी मां का इलाका नहीं छोड़ा बल्कि वही जंगल भी छोड़ दिया. यह रिसर्च डाइवर्सिटी नाम के अंतरराष्ट्रीय पीयर रिव्यू जर्नल में पब्लिश हुआ है. रिसर्च के प्रमुख लेखक शन्मुगावेलु स्वामीनाथन और सह-लेखकों में अट्टूर एस. अरुण, रीगन पुष्पनाथन, योगराज पन्नेरसेल्वम, थॉमस आर. शार्प, कार्तिक सत्यनारायण और गीता शेषमणि शामिल हैं. जंगली जानवरों में जन्मस्थान छोड़कर किसी नए इलाके में बसने की प्रक्रिया को नताल डिस्पर्सल कहते हैं. यह कई स्तनधारी प्रजातियों में देखी जाती है. वैज्ञानिकों के मुताबिक इसके पीछे वजह भोजन और सुरक्षित ठिकाना तलाशना है. इसके अलावा मां या दूसरे परिवार के सदस्यों के साथ संसाधनों को लेकर प्रतिस्पर्धा से बचना है. कई बार जानवर प्रजनन के लिए भी नए इलाके तलाशते हैं.
बिंदु और सिंधु दोनों एक ही मां की संतान थीं. दोनों चार साल की थीं, जब वैज्ञानिकों ने उनके गले में जीपीएस रेडियो कॉलर लगाए. शुरुआत में दोनों का घर एक ही पहाड़ी इलाके में था. उनके रहने के क्षेत्र में काफी समानता थी और दोनों की मां भी उसी इलाके में रहती थी. बिंदु अपने जन्मस्थान से निकली और 11 दिनों में 186 किलोमीटर की यात्रा कर आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा रिजर्व फॉरेस्ट में बस गई. सिंधु अपनी मां के इलाके में ही रही. उसका रहने का क्षेत्र लंबे समय तक लगभग उसी जगह बना रहा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वैज्ञानिकों के मुताबिक सिंधु का आकार बिंदु से बड़ा था. अध्ययन में इसे एक संभावित वजह के रूप में देखा गया कि बिंदु को अपना इलाका छोड़ना पड़ा हो सकता है, लेकिन यह साबित नहीं हुआ कि दोनों बहनों के बीच कोई लड़ाई हुई थी या सिंधु ने बिंदु को वहां से भगाया हो.
भालू आम तौर पर अकेले रहने वाले जानवर होते हैं. वे भोजन, आराम करने की जगह और प्रजनन के लिए उपयुक्त इलाके का इस्तेमाल करते हैं. स्लॉथ बेयर मुख्य रूप से दीमक, चींटियां, फल और दूसरे प्राकृतिक खाद्य स्रोतों पर निर्भर रहते हैं. अगर एक ही इलाके में कई भालू रह रहे हों, तो भोजन और सुरक्षित ठिकानों के लिए प्रतिस्पर्धा हो सकती है. वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया कि ऐसे हालात में भोजन और आराम करने की जगहों को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है.
बिंदु की इस यात्रा की खास बात ये है कि बिंदु का सफर किसी लगातार फैले घने जंगल से होकर नहीं गुजरा. उसके रास्ते में खेत, सड़कें, रेलवे ट्रैक और इंसानी बस्तियां थीं. उसने छोटे-छोटे प्राकृतिक जंगलों, झाड़ियों और चट्टानी पहाड़ियों को रास्ते में पड़ाव की तरह इस्तेमाल किया. यात्रा के दौरान वह GPS डेटा के मुताबिक बिंदु ने चार लेन हाईवे पार किया. सात बार दो लेन सड़कें पार कीं. दो रेलवे ट्रैक पार किए. चट्टानी जगहों और गुफाओं जैसी जगहों पर आराम किया. रास्ते में वह दो बार वापस मुड़ी, ताकि उसे आराम करने के लिए उपयुक्त चट्टानी जगह मिल सके.
