रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छठ घाट क्षतिग्रस्त करने पर बवाल:असामाजिक तत्वों की करतूत से ग्रामीणों में आक्रोश, बेलौरी-सोनौली मार्ग जाम – Purnia Villagers Block Road After Chhath Ghat Vandalised In Muffasil; Police Promise Strict Action
पूर्णिया

छठ घाट क्षतिग्रस्त करने पर बवाल:असामाजिक तत्वों की करतूत से ग्रामीणों में आक्रोश, बेलौरी-सोनौली मार्ग जाम – Purnia Villagers Block Road After Chhath Ghat Vandalised In Muffasil; Police Promise Strict Action

November 15, 2026


बिहार के पूर्णिया जिले में छठ घाट को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद तनाव का माहौल बन गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बिक्रमपुर पंचायत स्थित परमानंदपुर रजवाड़ी टोला में संध्या अर्घ्य संपन्न होने के बाद अज्ञात लोगों ने घाट को नुकसान पहुंचाया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। विरोध में लोगों ने बेलौरी-सोनौली मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।

संध्या अर्घ्य के बाद क्षतिग्रस्त किया गया घाट

घटना वार्ड संख्या-5 की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, छठ महापर्व के पहले अर्घ्य के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ घाट पर सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया था। पूजा संपन्न होने के बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए थे।

इसी दौरान अज्ञात लोगों ने छठ घाट को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो इलाके में आक्रोश फैल गया। लोगों ने घटना को धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने घाट को नुकसान पहुंचाने वालों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बेलौरी-सोनौली मुख्य मार्ग पर किया प्रदर्शन

घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को बेलौरी-सोनौली मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। ग्रामीण आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए एहतियातन घटनास्थल पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।

‘आरोपियों की पहचान की जा रही’

मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। छठ घाट को क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने भी दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

एसएसपी शौर्य सुमन ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छठ घाट को किसने और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त किया। जांच में जिसकी भी संलिप्तता या भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुटी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X