शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जबलपुर:’कांग्रेस फैला रही अराजकता, लोकतंत्र बचाना जरूरी’, सीएम समेत भाजपा दिग्गजों ने कांग्रेस पर साधा निशाना – Jabalpur Loktantra Bachao Padyatra Mohan Yadav Congress Allegations
जबलपुर

जबलपुर:’कांग्रेस फैला रही अराजकता, लोकतंत्र बचाना जरूरी’, सीएम समेत भाजपा दिग्गजों ने कांग्रेस पर साधा निशाना – Jabalpur Loktantra Bachao Padyatra Mohan Yadav Congress Allegations

November 2, 2026


मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने सोमवार को जबलपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ संकल्प पदयात्रा में भाग लिया। शहीद स्मारक गोल बाजार से शुरू हुई इस ढाई किलोमीटर से अधिक लंबी पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोग शामिल हुए। नेताओं ने इस दौरान कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब देश की सत्ता संभालने लायक नहीं बची है।

jabalpur loktantra bachao padyatra mohan yadav congress allegations

जबलपुर में संबोधित करते सीएम मोहन यादव

मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की सगी नहीं हुई। जबलपुर में कांग्रेस के चुनाव जीतने के बाद जवाहरलाल नेहरू को नेता घोषित किया गया था। जो नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नहीं हुए, वह कांग्रेस नेता किसी के भी सगे नहीं हो सकते। उन्होंने राहुल गांधी पर न्याय की बात करने के बावजूद इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले को न मानने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि इंदिरा गांधी ने सत्ता में बने रहने के लिए आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश और देश की जनता जानती है कि कांग्रेस देश की सत्ता संभालने लायक नहीं बची है। मोहन यादव ने यह भी कहा कि देश के 80 फीसदी क्षेत्र में कांग्रेस समाप्त हो चुकी है। शेष 20 फीसदी में भी वह आने वाले चुनावों में खत्म हो जाएगी। उन्होंने 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पूरे देश से सफाया होने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआईआर पर सवाल उठाती है। उन्होंने न्यायपालिका को लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला बताया।

ये भी पढ़ें- शराब माफिया के शिकंजे में देवास- पहले 13 निर्दोष लोगों की जान ली, अब थाना प्रभारी की बलि

jabalpur loktantra bachao padyatra mohan yadav congress allegations

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी संबोधित किया।

कांग्रेस पर मतदाता सूची शुद्धिकरण के विरोध का आरोप

हेमंत खण्डेलवाल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करने पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में कई बार एसआईआर हुआ है। भाजपा के शासनकाल में केवल दो बार एसआईआर हुआ है। खण्डेलवाल ने राहुल गांधी को सबसे अधिक चुनाव हारने के मामले में विश्व का सबसे बड़ा नेता बताया। उन्होंने जनता से विदेशी ताकतों से धन लेकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश करने वालों को बेनकाब करने का आह्वान किया। खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची के शुद्धिकरण का विरोध क्यों कर रही है, यह देश को बताना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस चाहती है कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में रहें या मृत व्यक्तियों के नाम न हटाए जाएं।

jabalpur loktantra bachao padyatra mohan yadav congress allegations

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधा।

लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाने का प्रयास

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अपनी साख खो चुके हैं। इसलिए वे सांविधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। मेघवाल ने जनता से लोकतंत्र को बचाने और अराजकता फैलाने वालों को सबक सिखाने के लिए आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने 6 अक्तूबर को चुनाव आयुक्तों से मिलने के लिए राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के नाम न देने का जिक्र किया। मेघवाल ने कहा कि राष्ट्रपति से मिलने पर भी विपक्षी दल आरोपों के प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को सामने आकर कहना पड़ा कि सुप्रीम कोर्ट को कोई धमका नहीं सकता।

पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शहीद स्मारक गोल बाजार से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरी। यह यात्रा श्याम टॉकीज, सुपर मार्केट, लार्डगंज चौक, बड़ा फुहारा और मालवीय चौक जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी। यात्रा का समापन पुनः गोल बाजार में हुआ। ढाई किलोमीटर के मार्ग में 80 स्वागत मंच लगाए गए थे। इन मंचों से विभिन्न जाति समाज और स्वयंसेवी संगठनों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया। हजारों की संख्या में अधिवक्ता, व्यापारी और महिलाओं ने तिरंगा ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। इस पदयात्रा में करीब एक लाख से अधिक लोग शामिल हुए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X