जालंधर में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने वाले एक शातिर ठग को लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी खासतौर पर बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाता था।
वह एटीएम से पैसे निकलवाने में मदद करने के बहाने उनका पिन देख लेता और बड़ी चालाकी से असली कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा देता था। तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग बैंकों के करीब 15 से 20 एटीएम कार्ड बरामद होने की बात सामने आई है।
मामला जालंधर वेस्ट के बाबूलाभ सिंह नगर स्थित एटीएम का है। प्रत्यक्षदर्शी सोनू के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से एटीएम के आसपास घूमता रहता था और मौका मिलते ही लोगों को अपने जाल में फंसा लेता था। मंगलवार को भी वह एक अन्य व्यक्ति को निशाना बनाने की फिराक में था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर ठगी करने की बात स्वीकार की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और इस गिरोह में उसके साथ अन्य कौन-कौन शामिल हैं। लोगों से अपील है कि एटीएम इस्तेमाल करते समय अपना पिन छिपाकर डालें और किसी अनजान व्यक्ति को अपना कार्ड या पिन न दें।