सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ट्रंप के दौर में कमजोर हुआ क्वाड?:अमेरिकी अधिकारी ने मीडिया रिपोर्ट को बताया फेक न्यूज, क्या है मामला? – Did Quad Weaken During Trump Era Us Official Dismisses Media Report As Fake News What The Story
दुनिया

ट्रंप के दौर में कमजोर हुआ क्वाड?:अमेरिकी अधिकारी ने मीडिया रिपोर्ट को बताया फेक न्यूज, क्या है मामला? – Did Quad Weaken During Trump Era Us Official Dismisses Media Report As Fake News What The Story

November 16, 2026


मनीला में होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन से पहले अमेरिका ने उस मीडिया रिपोर्ट को खारिज कर दिया है, जिसमें दावा किया गया था कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के तहत भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी कमजोर पड़ रही है। अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री डायलन जॉनसन ने ‘पोलिटिको’ की इस रिपोर्ट को पूरी तरह बेतुका बताते हुए ‘फेक न्यूज’ करार दिया। रिपोर्ट में वाशिंगटन स्थित एक अज्ञात एशियाई राजनयिक के हवाले से कहा गया था कि क्वाड अब ‘लाइफ सपोर्ट’ यानी अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है।

दो साल बाद मनीला में जुटेंगे क्वाड देशों के नेता

दो साल के अंतराल के बाद क्वाड देशों के नेता मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में मुलाकात करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य, आर्थिक सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। जॉनसन ने क्वाड की सक्रियता का बचाव करते हुए कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो पिछले दो वर्षों में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों के साथ पांच औपचारिक बैठकें कर चुके हैं। इनमें से तीन बैठकें पिछले छह महीनों में हुई हैं। उन्होंने बताया कि रुबियो की पदभार संभालने के बाद पहली आधिकारिक बातचीत भी क्वाड के साथ हुई थी। इसके अलावा, चारों देशों के प्रतिनिधियों के बीच हर महीने नियमित बातचीत होती है।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा पर रहेगा जोर

मनीला शिखर सम्मेलन में चारों देश मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे। इसमें कानून के शासन, संयुक्त राष्ट्र चार्टर, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सिद्धांतों को प्रमुखता दी जाएगी। साथ ही पूर्वी और दक्षिण चीन सागर में बल प्रयोग या दबाव के जरिए यथास्थिति बदलने की एकतरफा कोशिशों का विरोध किया जाएगा। यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब दक्षिण चीन सागर में समुद्री दावों को लेकर चीन और फिलीपींस के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। ऐसे में क्षेत्रीय सुरक्षा और समुद्री स्थिरता के लिहाज से इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत की मेजबानी में देरी से उठे थे सवाल

दरअसल, भारत पिछले दो वर्षों से क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी नहीं कर पाया था। इसी देरी को लेकर ‘पोलिटिको’ की रिपोर्ट में भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया की चिंताओं का जिक्र किया गया था। आशंका जताई गई थी कि भारत-अमेरिका व्यापार विवाद और ट्रंप के चीन के साथ बढ़ते जुड़ाव से क्वाड की एकजुटता प्रभावित हो सकती है। ट्रंप के सत्ता में लौटने के बाद विदेश मंत्रियों की पांच बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन नेताओं का शिखर सम्मेलन लंबे समय तक टलता रहा। इसकी एक वजह ट्रंप की भारत यात्रा को लेकर अनिच्छा भी बताई गई थी।

ये भी पढ़ें: ‘पश्चिम एशिया के हर बड़े संघर्ष में ईरान की भूमिका’: रूबियो बोले- तेहरान की विस्तारवादी मानसिकता बड़ा खतरा

2021 में शिखर सम्मेलन स्तर तक अपग्रेड हुआ था क्वाड

हालांकि, अब मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक होने जा रही है। खास बात यह है कि यह सम्मेलन किसी क्वाड सदस्य देश में आयोजित होने के बजाय आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान हो रहा है। अमेरिकी अधिकारी जॉनसन ने बताया कि क्वाड प्रतिनिधियों के बीच नियमित संपर्क बना हुआ है और चारों देश सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2021 में क्वाड को शिखर सम्मेलन स्तर तक अपग्रेड किया गया था। ऐसे में मनीला की बैठक से यह संदेश देने की कोशिश होगी कि बदलते वैश्विक राजनीतिक और कूटनीतिक समीकरणों के बावजूद चारों देशों की रणनीतिक साझेदारी कायम है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X