देवास:23 वर्षीय महिला ने घर में लगाई फांसी, पति गया था ढाबे पर खाना लेने; मायके पक्ष ने लगाए मारपीट के आरोप – 23-year-old Woman Died By Suicide By Hanging; Her Family Members Have Alleged Physical Assault And Disputes
देवास जिले के शिप्रा में 23 वर्षीय महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के समय महिला का पति ढाबे पर खाना लेने गया हुआ था। इसी दौरान महिला ने घर में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बुधवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के मायके पक्ष ने पति पर विवाद और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आशा पति प्रमोद राव (23), निवासी शिप्रा, मंगलवार देर शाम अपने पति के साथ मायके सादलपुर से घर लौटी थी। पति के मुताबिक, घर पहुंचने के कुछ समय बाद वह ढाबे पर खाना लेने चला गया। इसी दौरान रिश्तेदारों के माध्यम से उसे सूचना मिली कि आशा ने घर में फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा और महिला को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें: महामंडलेश्वर इंद्रदेव पर यौन उत्पीड़न के आरोपों से हलचल, साध्वी हर्षानंद बोलीं- दोषी हैं तो पद से हटाओ
घटना के बाद बुधवार को जिला अस्पताल में महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान मायके पक्ष के लोगों ने पति पर विवाद और मारपीट करने के आरोप लगाते हुए मामले की गहराई से जांच की मांग की। परिजनों का कहना है कि महिला की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाना चाहिए।
फिलहाल महिला के आत्महत्या करने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
