शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
नर्मदापुरम:अब समाज की सफाई में उतरीं ‘लक्ष्मियां’, अवैध शराब से परेशान महिलाओं ने पुलिस चौकी का किया घेराव – Narmadapuram Chillod Village Women Protest Illegal Liquor Sale Police Action
नर्मदापुरम

नर्मदापुरम:अब समाज की सफाई में उतरीं ‘लक्ष्मियां’, अवैध शराब से परेशान महिलाओं ने पुलिस चौकी का किया घेराव – Narmadapuram Chillod Village Women Protest Illegal Liquor Sale Police Action

November 9, 2026


narmadapuram chillod village women protest illegal liquor sale police action

शराब के विरोध में थाने पर पहुंचीं महिलाएं

विस्तार

दिवाली पर घरों की सफाई और त्योहार मनाने के बाद घरों की लक्ष्मियां अब समाज की सफाई के लिए आगे आई हैं। ग्राम पंचायत टेकापार के गांव चिल्लोद की लगभग 30 से 35 महिलाओं ने मटकुली पुलिस चौकी का घेराव किया। ग्रामीण अंचल की ये महिलाएं गांव में अवैध शराब की बिक्री और शराबियों द्वारा मचाए जाने वाले उत्पात से बेहद परेशान थीं। त्योहार के माहौल में भी महिलाओं को मजबूर होकर पुलिस के दरवाजे पर आना पड़ा। उन्होंने गांव में शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह पाबंदी लगाने की जोरदार मांग की है।

परिवारों पर मंडराता संकट और उत्पीड़न

महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि शराब के नशे में धुत पुरुष रोज परिवारों में विवाद करते हैं। गांव के मुख्य रास्तों और गलियों में कई लोग नशे की हालत में पड़े रहते हैं, जिससे महिलाओं का वहां से निकलना दुश्वार हो गया है। शराबखोरी के चलते अनेक परिवारों की आर्थिक हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। घर के पुरुष अपनी दिनभर की मेहनत की कमाई शराब में उड़ा देते हैं। इसका सीधा और बुरा असर बच्चों के पालन-पोषण, पढ़ाई और परिवार की बुनियादी जरूरतों पर पड़ रहा है। महिलाओं का आरोप है कि जब वे गांव में कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों का विरोध करती हैं, तो वे उन्हें गाली-गलौज करते हैं और मारपीट की धमकियां देते हैं।

ये भी पढ़ें- दो हत्याओं से सनसनी: जुआ खेलते हुआ विवाद तो जमकर चले चाकू, एक की मौके पर मौत तो दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस की कार्रवाई और कच्ची शराब जब्त

महिलाओं के उग्र विरोध और शिकायत को देखते हुए स्टेशन रोड थाना प्रभारी महेंद्र सिंह बघेल ने तुरंत पुलिस दल को गांव चिल्लोद भेजा। पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर संदिग्ध ठिकानों पर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने एक मकान से कच्ची शराब जब्त की। हालांकि, कार्रवाई के दौरान शराब बनाने वाला संबंधित व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों ने जब्त शराब को अपने नियंत्रण में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वे पहले भी आबकारी विभाग के अधिकारियों को गांव में शराब का अवैध धंधा करने वाले लोगों के नाम और पते बता चुकी हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जिससे समस्या समाप्त नहीं हो सकी। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए, अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगे और गांव में शांति व्यवस्था बनाई रखी जाए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X