थाना क्षेत्र के दुबरा जगदीशपुर गांव में शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर चालक का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
दुबरा जगदीशपुर निवासी भाई लाल प्रजापति (50) पुत्र बांकेलाल खेती करने के साथ ट्रैक्टर चलाते थे। बृहस्पतिवार रात वह खेत की जुताई करने के लिए घर से निकले थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे दूसरे ट्रैक्टर का चालक खेत में हरी खाद डालने पहुंचा तो भाई लाल का शव खेत में पड़ा मिला। उनका ट्रैक्टर घटनास्थल से करीब 25 मीटर दूर खड़ा था।
शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मृतक के मुंह पर चोट के कई जाहिरा निशान मिले। घटनास्थल से उनका एक चप्पल और शर्ट का टूटा हुआ बटन भी बरामद हुआ। इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।