शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भरतपुर:यात्रियों से भरी बस पानी में पलटी, नौ माह की बच्ची की मौत; कई घायल, चालक फरार – Bharatpur Major Accident On The Bayana-basedi State Highway: A Bus Full Of Passengers Overturned Into Water
भरतपुर

भरतपुर:यात्रियों से भरी बस पानी में पलटी, नौ माह की बच्ची की मौत; कई घायल, चालक फरार – Bharatpur Major Accident On The Bayana-basedi State Highway: A Bus Full Of Passengers Overturned Into Water

November 11, 2026


राजस्थान के भरतपुर जिले में मंगलवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। बयाना-बसेड़ी स्टेट हाईवे पर बांध बारैठा के पास धौलपुर के बसेड़ी से बयाना आ रही यात्रियों से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी में पलट गई। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में नौ माह की मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मां की गोद में बैठी थी मासूम, हादसे में गई जान

जानकारी के अनुसार, कहारों का नगला निवासी योगेंद्र कहार की नौ माह की बेटी पूर्वी अपनी मां सुनीता की गोद में बैठी थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पानी में पलट गई। हादसे में मासूम पूर्वी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।

सात यात्री बयाना अस्पताल में भर्ती, गंभीर घायल रेफर

दुर्घटना में घायल सात यात्रियों को बयाना उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन से चार यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रेफर किया गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।

निजी क्रेनों की मदद से बस को सीधा किया

हादसे के समय वहां से गुजर रहे भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने दुर्घटनाग्रस्त बस को देखकर पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। उन्होंने तत्काल अपनी निजी क्रेनें मौके पर भेजीं। क्रेनों की मदद से पानी में पलटी बस को सीधा कर सड़क पर खड़ा किया गया। इसके बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम तेजी से किया गया। ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।

पुलिस, प्रशासन और SDRF ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही बांध बारैठा पुलिस चौकी और गढ़ी बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बयाना, रुदावल और गढ़ी बाजना से 108 एंबुलेंस बुलाई गईं। SDRF की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।

एडिशनल एसपी रामगोपाल बसवाल, डिप्टी एसपी देवेंद्र सिंह, गढ़ी बाजना थाना प्रभारी श्यामलाल मीणा और तहसीलदार नीतेश गोयल ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। बयाना एसडीएम अल्का श्रीवास्तव के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।

चालक पर मोबाइल पर बात करते हुए बस चलाने का आरोप

गढ़ी बाजना थाना प्रभारी श्यामलाल मीणा ने बताया कि निजी बस धौलपुर जिले के बसेड़ी से बयाना जा रही थी। बांध बारैठा के पास बस अनियंत्रित होकर पानी में पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

वहीं, बस में सवार यात्री कमला देवी ने आरोप लगाया कि चालक बस चलाते समय मोबाइल पर बात कर रहा था। यात्रियों ने उसे मोबाइल पर बात करने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माना। कुछ देर बाद बस हिचकोले खाने लगी और देखते ही देखते पानी में पलट गई। पुलिस अब चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X