पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच संभावित गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच बातचीत अंतिम चरण में पहुंचने की खबरों के बीच अब सीटों के बंटवारे से बड़ा सवाल मुख्यमंत्री की कुर्सी और सत्ता में हिस्सेदारी का बन गया है।
अकाली दल जहां मुख्यमंत्री पद पर अपनी दावेदारी चाहता है, वहीं भाजपा पंजाब में छोटे भाई की भूमिका से बाहर निकलकर बड़े भाई के तौर पर राजनीति करना चाहती है। ऐसे में दिल्ली में चल रही बातचीत में सत्ता के समीकरण पर पेच फंसता नजर आ रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मोगा की रैली में स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा पंजाब में अब छोटे भाई की भूमिका में नहीं रहेगी। उनके इस बयान को अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन में सीटों और सत्ता के बंटवारे से जोड़कर देखा जा रहा है।