भोपाल:अखबार के दफ्तर की आड़ में चल रहा था ब्लैकमेलिंग-वसूली का काॅल सेंटर, महाराष्ट्र पुलिस पांच को उठा ले गई – A Blackmail And Extortion Call Center Was Being Operated Under The Guise Of A Newspaper Office
November 17, 2026

इसी घर से चल रहा था वसूली का ऑफिस
विस्तार
राजधानी भोपाल में अखबार के नाम और पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग और वसूली का कथित नेटवर्क चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजधानी के पॉश इलाके हर्षवर्धन नगर में एक दैनिक अखबार के कार्यालय से महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में सरपंचों, विधायकों और पंचायत सचिवों को फोन कर वसूली का खेल चलने का आरोप है। कथित तौर पर यहां फर्जी कॉल सेंटर के जरिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को विज्ञापन प्रकाशित कराने के नाम पर फोन किए जाते थे। जो लोग विज्ञापन देने से इनकार करते, उन्हें भ्रष्टाचार से जुड़ी खबर प्रकाशित कर बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। महाराष्ट्र के कई सरपंचों की सामूहिक शिकायत के बाद नागपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और उसके तार भोपाल तक पहुंच गए। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने भोपाल पहुंचकर टीटी नगर पुलिस की मदद से कार्यालय में दबिश दी। मौके पर करीब 34 लोग मिले, जिनमें से एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस अपने साथ महाराष्ट्र ले गई।
ये भी पढ़ें- ममता हुई शर्मसार: दो मासूम बेटियों की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, पति का गुस्सा बच्चियों पर निकाला था
विज्ञापन नहीं दिया तो भ्रष्टाचार की खबर छापने की धमकी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के सदस्य खुद को अखबार से जुड़ा बताकर महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संपर्क करते थे। पहले उन्हें अखबार में विज्ञापन प्रकाशित कराने का प्रस्ताव दिया जाता था। इसके लिए रकम की मांग की जाती थी। यदि कोई सरपंच, विधायक या पंचायत सचिव विज्ञापन देने से मना करता तो उसे भ्रष्टाचार में लिप्त बताकर खबर प्रकाशित करने की धमकी दी जाती थी। खबर के जरिए बदनामी का डर दिखाकर संबंधित लोगों पर पैसे देने का दबाव बनाया जाता था। इसी तरीके से कथित तौर पर वसूली का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
सरपंचों की सामूहिक शिकायत से खुला मामला
पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के कई सरपंचों ने इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ मुख्यमंत्री स्तर पर सामूहिक शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उन मोबाइल नंबरों, कॉल सेंटरों और कार्यालयों की जानकारी जुटाई, जहां से जनप्रतिनिधियों को फोन किए जा रहे थे। जांच के दौरान भोपाल के हर्षवर्धन नगर स्थित कार्यालय का नाम सामने आया। इसके बाद नागपुर पुलिस की टीम भोपाल पहुंची और टीटी नगर पुलिस से संपर्क किया। महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से हर्षवर्धन नगर स्थित कार्यालय में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां करीब 34 लोग मौजूद मिले। इनमें से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें महाराष्ट्र पुलिस अपने साथ ले गई। शेष लोगों को नोटिस देकर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि भोपाल स्थित कार्यालय से कितने समय से यह कथित नेटवर्क संचालित हो रहा था और महाराष्ट्र के किन-किन जिलों में लोगों को निशाना बनाया गया।
साइबर अपराध की जांच में भोपाल पहुंची थी टीम
भोपाल की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने बताया कि महाराष्ट्र के नागपुर में साइबर अपराध से जुड़े एक मामले की विवेचना के सिलसिले में पुलिस टीम भोपाल आई थी। टीम ने टीटी नगर थाने से संपर्क किया था। इसके बाद स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने महाराष्ट्र पुलिस की कार्रवाई में सहयोग किया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच महाराष्ट्र पुलिस कर रही है।
