मंगल ग्रह से धरती पर गिरा था 4.1 अरब साल पुराना ‘खजाना’, खोलेगा लाल ग्रह के अहम राज
Last Updated:
मंगल ग्रह का उल्का पिंड ग्रह के अहम रहस्यों को उजागर करेगा. रिसर्च से पता चला है कि यह चट्टान का टुकड़ा असल में 4.1 अरब पुराना है. इसका नाम तेगाजा 001 रखा गया है. यह उस दौर की चट्टान है जब मंगल ग्रह पर पानी का भंडार हुआ करता था.
मंगल ग्रह का उल्कापिंड जो 2022 में सहारा के रेगिस्तान में मिला था. (फोटो- रॉयटर्स/Pixabay)
मंगल ग्रह पर रिसर्च कर रहे वैज्ञानिकों के हाथ एक ऐसा खजाना लगा है जो लाल ग्रह के अनसुने रहस्यों से पर्दा उठाएगा. यह खजाना असल में मंगल ग्रह एक चट्टान है, जो 2022 में सहारा रेगिस्तान में मिली थी. अब तक इसे साधारण उल्का पिंड ही समझा जा रहा था. ताजा रिसर्च में पता चला है कि असल में ये मंगल ग्रह की चट्टान का हिस्सा है. वैज्ञानिकों के मुताबिक यह चट्टान कम से कम 4.1 अरब साल पुरानी है जो मंगल ग्रह शुरुआती इतिहास के बारे में बता सकती है.
NASA, स्पेसएक्स समेत दुनिया की स्पेस एजेंसियां मंगल को एक्सप्लोर कर रही है. लाल ग्रह के बारे में अब तक कई रहस्य ऐसे हैं जिन्हें सुलझाया नहीं जा सका. सहारा रेगिस्तान में मिली इस साधारण सी चट्टान ने मंगल ग्रह के इतिहास को समझने के लिए वैज्ञानिकों के सामने नई खिड़की खोल दी है. हाल ही में साइंस जर्नल में इसे लेकर एक रिसर्च प्रकाशित की गई थी, जिसमें इसे अब तक मिले पुराने उल्कापिंडो में से एक बताया गया है. इसका वजन 800 ग्राम है जो आठ चट्टानी टुकड़ों का समूह है जिनमें सबसे बड़ा टुकड़ा एक मुट्ठी आकार है.
मंगल ग्रह की पुरानी क्रस्ट
नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरटरी की वैज्ञानिक यांग लियू और उनकी टीम ने इस उल्कापिंड पर स्टडी की है. शुरुआत में उन्हें इसकी बनावट को लेकर असामान्य संकेत मिले. जांच करने पर पता चला कि यह मंगल ग्रह की ऐसी प्राचीन पपड़ी का नमूना है जिसका प्रतिनिधित्व पहले मिले उल्कापिंड नहीं करते थे. वैज्ञानिकों ने इसे तेगाजा 001 नाम दिया है, जिसमें जिरकॉन नाम का खनिज मिला है. यह वैज्ञानिकों के लिए किसी टाइम मशीन से कम नहीं है. इसमें यूरेनियम जैसे रेडियोधर्मी तत्व हैं जो समय के साथ सीसा बनाते हैं. इस अनुपात को नापकर वैज्ञानिक यह पता लगा सकते हैं कि यह खनिज कब बना था. इसी तरीके से वैज्ञानिकों ने इस पत्थर के 4.1 अरब साल पुराना होने का अनुमान जताया है.
चट्टान में मिले पानी के निशान
तेगाजा 001 में ऑक्सीजन के साथ हाइड्रोजन आइसोटोप भी मिले हैं. यह इस बात का प्रमाण है कि यह पानी के संपर्क में आई थी. वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि जब ये चट्टान बनी थी तब संभवत: मंगल पर मानी की मौजूदगी रही होगी. इससे पहले जून 2026 में भी साइंस एडवांसेज में एक रिसर्च प्रकाशित हुई थी. इसमें ऑक्सीजन और हाइड्रोजन आइसोटोप का अनुपात जांचा गया था. इसके मुताबिक 4.1 अरब साल पहले मंगल पर पानी का प्राचीन भंडार मौजूद था.
मंगल की चट्टान धरती तक कैसे पहुंची
मंगल और धरती की दूरी लाखों किलोमीटर है. ऐसे में वैज्ञानिकों ने इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश कि आखिर ये धरती तक कैसे पहुंची. दरअसल मंगल ग्रह पर उल्का पिंडो और दूसरे खगोलीय पिंडो के टकराने की घटनाएं होती हैं. जब कोई बड़ा पिंड मंगल की सतह से टकराता है तो वहां की चट्टानें टूटकर अंतरिक्ष में जा सकती हैं. यदि इन्हें गति मिल जाए तो ये गुरुत्वाकर्षण से बाहर निकल कर दूसरे ग्रहों की कक्षाओं तक पहुंच सकती हैं. जब ये पत्थर धरती के गुरुत्वाकर्षण में प्रवेश करते हैं तो इन्हें उल्का पिंड कहा जाता है. NASA के मुताबिक मंगल ग्रह का ये पत्थर भी धरती तक ऐसे ही पहुंचा होगा.
मंगल ग्रह की खोज में क्यों अहम है ये पत्थर
मंगल ग्रह पर नासा रोवर और ऑर्बिटर भेज चुका है. वहां की मिट्टी ओर चट्टानों का अध्ययन किया जा रहा है हालांकि इन मशीनों की अपनी एक सीमा है. ये ग्रह के कुछ खास हिस्सों तक ही पहुंच पाते हैं. ये उल्का पिंड उन हिस्सों के बारे में भी जानकारी दे सकता है जहां अब तक स्पेस एजेंसियां नहीं पहुंच पाईं. वैज्ञानिकों के मुताबिक तेगाजा 001 मंगल के प्राचीन दक्षिणी पहाड़ियों में मौजूद चट्टानों की तरह है.

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. इससे पहले मैंने, अमर उजाला, हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया है. साथ ही टाइम्स नाउ, जागरण और टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट में राजनीति, इतिहास, शिक्षा, साहित्…
और पढ़ें
