महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी:भारत की दक्षिण कोरिया से होगी टक्कर, क्या जीत की लय बरकरार रख पाएगी टीम इंडिया? – India Aim To Continue Winning Momentum Against South Korea In Women’s Asian Champions Trophy
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय टीम शनिवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपने दूसरे राउंड रॉबिन मुकाबले में उतरेगी। मौजूदा चैंपियन भारत की नजरें इस मैच में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी लय बरकरार रखने और महाद्वीप में अपना दबदबा कायम रखने पर होंगी। भारत ने गुरुवार को खेले गए अपने पहले मुकाबले में मलयेशिया को 4-1 से हराकर अभियान का शानदार आगाज किया था। भारतीय टीम की कप्तानी सलीमा टेटे कर रही हैं, जबकि मुख्य कोच की जिम्मेदारी स्जोर्ड मारिज्ने संभाल रहे हैं।
तीन-तीन बार चैंपियन रह चुकी हैं दोनों टीमें
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारत और दक्षिण कोरिया सबसे सफल टीमें हैं। दोनों ने अब तक तीन-तीन बार इस खिताब पर कब्जा जमाया है। भारत ने 2016, 2023 और 2024 में ट्रॉफी जीती थी। ऐसे में शनिवार का मुकाबला दोनों टीमों के लिए प्रतिष्ठा के लिहाज से भी अहम रहने वाला है। भारत इस टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरा है। टीम ने हाल ही में 2026 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी अपना टिकट पक्का किया है।
मलयेशिया के खिलाफ वापसी कर दर्ज की थी जीत
भारतीय टीम को मलयेशिया के खिलाफ शुरुआती झटका लगा था, लेकिन खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया। मुमताज खान ने मैदानी गोल किया, जबकि कप्तान सलीमा टेटे, पदार्पण कर रहीं पूजा साहू और लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किए। पूजा साहू ने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में गोल दागकर प्रभावित किया। उन्होंने डिफेंस के साथ-साथ सेट पीस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया। मुख्य कोच स्जोर्ड मारिज्ने ने पूजा के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, ‘उन्होंने अपने पहले ही मैच में पहला गोल किया और मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। उनकी पासिंग और हाई बॉल भी शानदार रही। वह भविष्य की एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं।’
दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी
भारत का हालिया प्रदर्शन दक्षिण कोरिया के खिलाफ भी अच्छा रहा है। भारतीय टीम ने सितंबर के आखिर में एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया था। वहीं, 2024 महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत ने रोमांचक मुकाबले में कोरिया को 3-2 से शिकस्त दी थी। विश्व रैंकिंग में भी भारतीय टीम कोरिया से काफी आगे है। भारत सातवें स्थान पर है, जबकि दक्षिण कोरिया 17वें पायदान पर है। टूर्नामेंट में भारत से ऊपर केवल चीन की टीम है, जो चौथे स्थान पर काबिज है। चीन को भी भारत ने हालिया एशियन गेम्स में 1-0 से हराया था।
शुरुआती दबाव से उबरने पर रहेगा जोर
कोच स्जोर्ड मारिज्ने का मानना है कि भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर शुरुआती दबाव और घबराहट से उबरने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने घरेलू दर्शकों के सामने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को लेकर थोड़ा दबाव महसूस करते हैं, लेकिन शुरुआती घबराहट दूर होने के बाद टीम ने अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने यह भी माना कि मलयेशिया के खिलाफ टीम ने पर्याप्त मौके बनाए, लेकिन गोल करने में अपेक्षा से ज्यादा समय लगा। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपनी बेंच स्ट्रेंथ को भी परख रही है। अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया और डिफेंडर इशिका चौधरी को आराम दिया गया है, जबकि बिचु देवी और बंसरी सोलंकी को गोलकीपिंग की जिम्मेदारी दी जा रही है। अब भारतीय टीम की कोशिश दक्षिण कोरिया के खिलाफ जीत दर्ज कर खिताब बचाने की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाने की होगी।
