रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मुंबई:गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट पुणे लौटी, लैंडिंग गियर में आई तकनीकी खराबी; सभी यात्री सुरक्षित – Guwahati Bound Indigo Flight Returns To Pune Landing Gear Issue
देश

मुंबई:गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट पुणे लौटी, लैंडिंग गियर में आई तकनीकी खराबी; सभी यात्री सुरक्षित – Guwahati Bound Indigo Flight Returns To Pune Landing Gear Issue

November 15, 2026


महाराष्ट्र के पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस पुणे हवाई अड्डे पर लौटना पड़ा। विमान में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत कुल 192 लोग सवार थे। अधिकारियों के मुताबिक, विमान का लैंडिंग गियर (पहियों वाला हिस्सा) उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा सका। इसके बाद विमान का रविवार सुबह सुरक्षित लैंडिंग कराया गया। सभी 192 लोग सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुणे हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 0623 (VT-IZE) ने पुणे हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी कि विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा रहा है।

आईएएफ ने घोषित की ‘फुल इमरजेंसी’, अलर्ट पर रखी गईं टीमें

पुणे हवाई अड्डा प्रशासन ने जानकारी मिलते ही एटीसी, इंडिगो और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया। हवाई अड्डे का प्रबंधन करने वाली भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने स्थिति को देखते हुए ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी। इसके बाद निर्धारित आपातकालीन प्रक्रियाएं सक्रिय कर दी गईं।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और यात्रियों व चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दमकल सेवाओं, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया।

रनवे के ऊपर से गुजरा विमान, सुबह 9:04 बजे सुरक्षित लैंडिंग

अधिकारियों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर विमान को रनवे के ऊपर से नीचे की ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि उसके लैंडिंग गियर की स्थिति का दृश्य निरीक्षण किया जा सके। इस आकलन के बाद विमान ने रविवार सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर पुणे हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।

लैंडिंग के बाद निर्धारित आपातकालीन प्रक्रिया के तहत तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान की स्थिति सुरक्षित और सामान्य होने की पुष्टि के बाद सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर एटीसी ने फुल इमरजेंसी वापस ले ली। इसके बाद विमान से एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।

इंडिगो ने जारी किया बयान

इंडिगो के एक प्रवक्ता का कहना है, ’15 नवंबर 2026 को पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 623 में उड़ान भरने के तुरंत बाद एक तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद विमान वापस लौटा और पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया। विमान की जांच और रखरखाव (मेंटेनेंस) का काम चल रहा है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही यह फिर से उड़ान भरेगा। इस फ्लाइट के संचालन के लिए तुरंत एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर दी गई है।’

बेंगलुरु से दूसरा विमान भेजने की तैयारी

पुणे हवाई अड्डा प्रशासन के बयान के मुताबिक, विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत सभी 192 लोग सुरक्षित हैं। घटना में किसी को चोट नहीं आई है। वहीं, इंडिगो प्रभावित यात्रियों को आगे गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान पुणे भेजने की व्यवस्था कर रही थी, ताकि उनकी आगे की यात्रा पूरी कराई जा सके।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X