राजस्थान:केकड़ी में फीकी पड़ रही मिट्टी के दीयों की चमक, सजावटी लाइटों ने कुम्हारों का कारोबार किया प्रभावित – Kekri Diwali Clay Diyas Demand Decline Potters Business Electric Lights
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजार रोशनी और सजावटी सामान से सजने लगे हैं। घरों को रोशन करने के लिए लोग तरह-तरह की रंग-बिरंगी बिजली की लाइटें खरीद रहे हैं, लेकिन इस बदलते चलन के बीच मिट्टी के पारंपरिक दीपकों की मांग लगातार घट रही है। इसका सीधा असर कुम्हारों के पुश्तैनी कारोबार पर पड़ रहा है। कभी दीपावली से एक महीने पहले ही दीपक और मंगल कलश बनाने में जुट जाने वाले कुम्हार परिवार अब कम मांग के चलते सीमित संख्या में ही दीपक तैयार कर रहे हैं। तैयार दीपक भी बड़ी संख्या में नहीं बिक पाते, जिससे उन्हें हर साल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
केकड़ी क्षेत्र में एक समय दर्जनों कुम्हार परिवार दीपावली के लिए मिट्टी के दीपक और मंगल कलश बनाकर अपनी आजीविका चलाते थे। समय के साथ यह पारंपरिक कारोबार सिमटकर कुछ ही परिवारों तक रह गया है। आधुनिक सजावटी सामान और बिजली की लाइटों के बढ़ते इस्तेमाल ने मिट्टी के दीपकों की जगह काफी हद तक ले ली है।
घरों में मिट्टी के दीपकों की जगह ले रहीं बिजली की लाइटें
पहले दीपावली पर घरों की चौखट, आंगन और छतें मिट्टी के दीपकों से रोशन होती थीं। लोग बड़ी संख्या में दीपक खरीदते थे और उनमें तेल या घी डालकर जलाते थे। अब अधिकांश घरों में सजावट के लिए बिजली की रंग-बिरंगी लाइटों का इस्तेमाल किया जाने लगा है। कई परिवार तो लक्ष्मी पूजन के दौरान केवल एक मिट्टी का दीपक जलाकर परंपरा निभा रहे हैं। वहीं, पंडितों के अनुसार दीपावली पर मिट्टी के दीपक में तेल या घी डालकर जलाना शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। इसके बावजूद आधुनिक सजावट के बढ़ते चलन के कारण पारंपरिक दीपकों की मांग कम होती जा रही है।
महंगाई ने बढ़ाई लागत, घटती बिक्री से कुम्हार परेशान
सावर के कुम्हार गणेश प्रजापत और गोवर्धन प्रजापत बताते हैं कि पहले दीपक बनाने के लिए मिट्टी आसानी से मिल जाती थी। उन्हें पकाने के लिए लकड़ियों का इंतजाम भी जंगलों और खेतों से हो जाता था। इससे दीपक बनाने की लागत काफी कम रहती थी। अब मिट्टी खरीदनी पड़ती है और दीपक पकाने के लिए लकड़ियों का इंतजाम करना भी महंगा हो गया है।
उन्होंने बताया कि एक तरफ कच्चे माल और ईंधन की लागत बढ़ गई है, वहीं दूसरी तरफ बाजार में बिजली की सजावटी लाइटों की मांग बढ़ने से मिट्टी के दीपकों की बिक्री लगातार घट रही है। गणेश प्रजापत और गोवर्धन प्रजापत के मुताबिक, करीब दो दशक पहले एक रुपये में 20 दीपक मिल जाते थे, लेकिन अब महंगाई के चलते एक रुपये में केवल एक या दो दीपक ही मिल पाते हैं। लागत बढ़ने और बिक्री घटने से इस पुश्तैनी कारोबार को चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
बिजली के चाक से बदला दीपक बनाने का तरीका
बदलते समय के साथ कुम्हारों ने भी अपने काम करने के तरीके में बदलाव किया है। पहले पत्थर से बने हाथ से घुमाए जाने वाले चाक पर मिट्टी के दीपक और बर्तन तैयार किए जाते थे। अब कई कारीगर बिजली से चलने वाले चाक का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे दीपक और अन्य मिट्टी के बर्तन बनाने की प्रक्रिया पहले के मुकाबले तेज हो गई है। हालांकि, उत्पादन आसान होने के बावजूद बाजार में मांग कम होने से कुम्हारों की परेशानी कम नहीं हुई है। कुम्हारों का कहना है कि यदि लोग दीपावली पर बिजली की सजावटी लाइटों के साथ मिट्टी के पारंपरिक दीपकों को भी प्राथमिकता दें तो इस पुरानी कला को बचाया जा सकता है। इससे न केवल मिट्टी के दीपकों की परंपरा कायम रहेगी, बल्कि कुम्हार परिवारों के पुश्तैनी रोजगार को भी सहारा मिलेगा।
