शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:सरकारी स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी की भर्ती शुरू, 30 हजार रुपये तक मिलेगा मानदेय – Rajasthan Vidya Sambal Yojana Guest Faculty Recruitment 2026 Government Schools
जयपुर

राजस्थान:सरकारी स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी की भर्ती शुरू, 30 हजार रुपये तक मिलेगा मानदेय – Rajasthan Vidya Sambal Yojana Guest Faculty Recruitment 2026 Government Schools

November 11, 2026


राजस्थान के शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने विद्या संबल योजना के दूसरे चरण की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के व्याख्याताओं के रिक्त पदों पर गेस्ट फैकल्टी के रूप में अस्थायी नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पंचायत चुनाव के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में फिलहाल वहां नई नियुक्तियों पर रोक रहेगी। दूसरे चरण में केवल शहरी क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बिना इंटरव्यू होगा चयन, मेरिट के आधार पर मिलेगी नियुक्ति

विद्या संबल योजना के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होना जरूरी है। इसके अलावा 65 वर्ष तक की आयु वाले सेवानिवृत्त शिक्षक भी इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने चयन प्रक्रिया में साक्षात्कार नहीं लेने का फैसला किया है। अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक और प्रशिक्षण संबंधी योग्यताओं के अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक योग्यता को 75 प्रतिशत और बीएड या एमएड जैसी प्रशिक्षण संबंधी योग्यता को 25 प्रतिशत भारांक दिया जाएगा। इसी आधार पर अभ्यर्थियों की वरीयता सूची तैयार होगी।

प्रति कक्षा मिलेंगे 400 रुपये, अधिकतम मानदेय 30 हजार

चयनित गेस्ट फैकल्टी को प्रति घंटे की कक्षा के हिसाब से 400 रुपये का भुगतान किया जाएगा। हालांकि, एक महीने में मिलने वाला कुल मानदेय 30 हजार रुपये से अधिक नहीं होगा। शिक्षकों को उनके द्वारा वास्तव में ली गई कक्षाओं के आधार पर ही भुगतान किया जाएगा।

21 नवंबर को जारी होगा विज्ञापन, 4 दिसंबर को नियुक्ति आदेश

शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार 21 नवंबर को रिक्त पदों के विवरण के साथ विज्ञप्ति प्रकाशित की जाएगी। अभ्यर्थी 23 से 25 नवंबर की दोपहर 12 बजे तक आवेदन जमा करा सकेंगे। स्कूल स्तर पर 26 नवंबर को प्राप्त आवेदनों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 27 और 28 नवंबर को अस्थायी वरीयता सूची चस्पा कर आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद 30 नवंबर को अंतिम वरीयता सूची जारी होगी। जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन मिलने के बाद 4 दिसंबर को अस्थायी नियुक्ति के आदेश जारी किए जाएंगे।

आवेदन के साथ जमा करने होंगे ये दस्तावेज

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक और प्रशिक्षण संबंधी अंकतालिकाओं की प्रतियां जमा करानी होंगी। इसके अलावा आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और दो राजपत्रित अधिकारियों की ओर से जारी चरित्र प्रमाण पत्र भी देना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को पूरा भरा हुआ आवेदन पत्र संबंधित पद वाले स्कूल में स्वयं जाकर प्राचार्य या यूसीईईओ के पास जमा कराना होगा।

31 मार्च 2027 तक रहेगी अस्थायी नियुक्ति

गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति 31 मार्च 2027 तक अथवा नियमित शिक्षक के पदभार ग्रहण करने तक ही मान्य होगी। इस अस्थायी नियुक्ति के आधार पर अभ्यर्थी भविष्य में स्थायी नौकरी का कोई कानूनी दावा नहीं कर सकेंगे। वहीं, अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूलों में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि अंग्रेजी माध्यम की होना अनिवार्य है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X