जनगणना-2027 के तहत सोमवार से लखीमपुर खीरी जिले में स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। कलक्ट्रेट परिषद में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने अपनी जानकारी दर्ज कर स्वगणना प्रक्रिया पूरी की और अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद अन्य अधिकारियों ने भी स्वगणना कर इस प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
इस मौके पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने जिले के लोगों से अपील की कि वे स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने परिवार एवं मकान से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से जुटाई गई जानकारी भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिले में जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए करीब आठ हजार प्रगणकों की तैनाती की गई है। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रगणक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार घर-घर पहुंचकर जनगणना संबंधी कार्य करेंगे। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें।