मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीजी:पटवारी से आरआई परीक्षा का पेपर लीक करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अभ्यर्थियों से ऐंठी थी मोटी रकम – Chhattisgarh Patwari Ri Exam Paper Leak Two Accused Arrested Delhi
रायपुर

सीजी:पटवारी से आरआई परीक्षा का पेपर लीक करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अभ्यर्थियों से ऐंठी थी मोटी रकम – Chhattisgarh Patwari Ri Exam Paper Leak Two Accused Arrested Delhi

November 17, 2026


chhattisgarh patwari ri exam paper leak two accused arrested delhi

सांकेतिक तस्वीर

विस्तार

रायपुर में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) बनने के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जांच टीम दोनों आरोपियों को रायपुर लेकर आई, जहां विशेष अदालत ने उन्हें 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले 35 वर्षीय वीर सिंह जाटव और 41 वर्षीय अरविंद जाटव के रूप में हुई है। ईओडब्ल्यू की जांच के अनुसार, दोनों ने परीक्षा की प्रश्नपत्र छपाई समिति से जुड़े आरोपी वीरेंद्र जाटव के साथ मिलकर पर्चा लीक करने की साजिश रची थी। गिरोह ने परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र पहुंचा दिया और इसके बदले उनसे मोटी रकम ऐंठ ली।

पहचान परेड में खुलासा

ईओडब्ल्यू ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपियों की पहचान परेड कराई थी। परीक्षा में शामिल हुए पटवारियों ने दोनों आरोपियों की पहचान की। पटवारियों ने बताया कि इन्हीं लोगों ने उन्हें लीक प्रश्नपत्र देने के साथ-साथ तैयारी के लिए स्थान भी उपलब्ध कराया था और इसके बदले पैसे लिए थे।

जांच के बाद ईओडब्ल्यू की कार्रवाई

पटवारियों को आरआई प्रशिक्षण के लिए चुनने के लिए 7 जनवरी, 2024 को विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्च स्तरीय जांच कराई। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने मामले की जांच ईओडब्ल्यू को सौंप दी थी।

प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी सामने आने पर ईओडब्ल्यू ने वर्ष 2025 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फिलहाल जांच टीम आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X