शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीजी:महासमुंद में 77 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार – 77 Kg Of Ganja Seized In Mahasamund, Two Smugglers From Maharashtra Arrested
रायपुर

सीजी:महासमुंद में 77 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार – 77 Kg Of Ganja Seized In Mahasamund, Two Smugglers From Maharashtra Arrested

November 19, 2026


77 kg of ganja seized in Mahasamund, two smugglers from Maharashtra arrested

गिरफ्तार आरोपी

विस्तार

महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर कार्रवाई करते हुए 77 किलो 620 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रेहटीखोल गांव के पास मालवाहक ट्रक को रोककर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, दो मोबाइल फोन और गांजे समेत कुल 48 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर पकड़ा ट्रक

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते एक ट्रक में गांजा भरकर महाराष्ट्र की तरफ ले जाया जा रहा है। संयुक्त पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर दी। कुछ समय बाद ओडिशा की दिशा से आ रहे संदिग्ध गेरुआ रंग के आयशर माजदा ट्रक  को रोक लिया। पुलिस टीम ने जब ट्रक के डाले की जांच की, तो उसमें छिपाकर रखी गई तीन बोरियों में भरा गांजा मिला। पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के सोनपुर जिले से यह गांजा लेकर महाराष्ट्र के शोलापुर जिले जा रहे थे।

गांजा और ट्रक समेत 48.95 लाख का माल जब्त

पुलिस की गणना के अनुसार जब्त गांजे का कुल वजन 77.620 किलोग्राम निकला, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 38 लाख 81 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 10 लाख रुपये मूल्य का ट्रक और 14 हजार रुपये की कीमत वाले दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल 48 लाख 95 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान गणेश शिंदे (35), निवासी आवडी, थाना मोहड, जिला शोलापुर और रविराज बालू सुडके (19), निवासी भिकवडी आडगांव, थाना विट्टा, जिला सांगली, महाराष्ट्र के रूप में की है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि गांजे की यह खेप किसने उपलब्ध कराई थी और महाराष्ट्र में किन लोगों को सौंपी जानी थी। पुलिस का मुख्य लक्ष्य गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचना है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X