बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
स्पेन:फीफा विश्व कप विजेता जुआन माटा ने फुटबॉल को कहा अलविदा, 38 साल की उम्र में लिया संन्यास – Spain World Cup Winner Juan Mata Calls Time On His Football Career
खेल

स्पेन:फीफा विश्व कप विजेता जुआन माटा ने फुटबॉल को कहा अलविदा, 38 साल की उम्र में लिया संन्यास – Spain World Cup Winner Juan Mata Calls Time On His Football Career

November 18, 2026


स्पेन को 2010 में फीफा विश्व कप जिताने वाली टीम के सदस्य रहे स्टार फुटबॉलर जुआन माटा ने पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। 38 साल की उम्र में उनके इस फैसले के साथ ही करीब दो दशक लंबे शानदार करियर का अंत हो गया। अपने करियर के दौरान माटा ने फीफा विश्व कप, यूईएफए यूरोपीय चैंपियनशिप, यूईएफए चैंपियंस लीग और दो यूईएफए यूरोपा लीग सहित कई बड़े खिताब जीते।

क्या बोले माटा?

माटा ने बुधवार को स्पेन के ओविएडो स्थित युवेंटुड स्टेडियम में रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो संदेश के जरिए संन्यास की घोषणा की। इसी स्टेडियम में उन्होंने 10 साल की उम्र में संगठित फुटबॉल खेलना शुरू किया था। संन्यास की घोषणा करते हुए माटा ने कहा, ‘फुटबॉल कभी मेरी जिंदगी से दूर नहीं होगा। इस खेल से जुड़े रहने और इसे विकास का माध्यम बनाने के कई तरीके हैं। मैं पेशेवर फुटबॉल खेलना बंद कर सकता हूं, लेकिन फुटबॉलर होना कभी नहीं छोड़ूंगा।’

रियल मैड्रिड से शुरू हुआ सफर, वालेंसिया में बनाई पहचान

जुआन माटा ने अपने फुटबॉल करियर की शुरुआत रियल मैड्रिड की युवा टीम से की थी। इसके बाद वह वालेंसिया से जुड़े, जहां उन्होंने एक बेहतरीन अटैकिंग मिडफील्डर के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 2008 में वालेंसिया के साथ कोपा डेल रे का खिताब जीता। साल 2011 में माटा ने इंग्लिश क्लब चेल्सी का दामन थामा। स्टैमफोर्ड ब्रिज में उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। वह 2012 में चेल्सी की ऐतिहासिक यूईएफए चैंपियंस लीग खिताबी जीत का हिस्सा बने। फाइनल में चेल्सी ने बायर्न म्यूनिख को हराकर पहली बार यह खिताब अपने नाम किया था। इसके अलावा माटा ने चेल्सी के साथ 2012 में एफए कप और 2013 में यूईएफए यूरोपा लीग भी जीती।

मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए खेले 285 मुकाबले

जनवरी 2014 में माटा ने मैनचेस्टर यूनाइटेड का रुख किया। वह करीब साढ़े आठ साल तक इस क्लब का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने टीम के लिए कुल 285 मुकाबले खेले और चार ट्रॉफियां जीतने में योगदान दिया। माटा के खाते में मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ 2016 का एफए कप, 2017 का यूरोपा लीग, लीग कप और कम्युनिटी शील्ड का खिताब शामिल है। इंग्लैंड से विदाई के बाद माटा ने तुर्की के क्लब गालातासराय के लिए खेला। उन्होंने 2022-23 सीजन में टीम को लीग चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया। इसके बाद वह जापान के क्लब विसेल कोबे से जुड़े और 2023 में जे-लीग का खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा बने।

स्पेन के साथ जीते दो यूरो कप और एक विश्व कप

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में भी माटा का करियर बेहद शानदार रहा। वह स्पेन की उस स्वर्णिम पीढ़ी का हिस्सा थे, जिसने 2008 से 2012 के बीच विश्व फुटबॉल पर अपना दबदबा कायम किया। माटा ने स्पेन के लिए 41 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और 10 गोल किए। वह 2008 और 2012 में यूरोपीय चैंपियनशिप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे। इसके अलावा 2010 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित फीफा विश्व कप जीतने वाली स्पेनिश टीम में भी शामिल थे। यूरो 2012 के फाइनल में इटली के खिलाफ स्पेन की 4-0 की शानदार जीत में माटा ने चौथा गोल दागा था।

मेलबर्न विक्ट्री के साथ खत्म हुआ पेशेवर करियर

माटा का आखिरी पेशेवर पड़ाव ऑस्ट्रेलिया का क्लब मेलबर्न विक्ट्री रहा। वह सितंबर 2025 में इस क्लब से जुड़े थे। 2025-26 सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 मुकाबलों में पांच गोल किए और 13 असिस्ट दिए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलियाई लीग का प्रतिष्ठित जॉनी वॉरेन मेडल दिया गया। यह पुरस्कार लीग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दिया जाता है। इसके अलावा उन्हें प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ प्लेमेकर का सम्मान भी मिला। करीब दो दशक लंबे करियर में स्पेन, इंग्लैंड, तुर्की, जापान और ऑस्ट्रेलिया के क्लबों के लिए खेलने वाले जुआन माटा अब पेशेवर फुटबॉल को अलविदा कह चुके हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि खेल के प्रति उनका प्यार हमेशा बरकरार रहेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X