कैथल। एंटी नारकोटिक सेल कैथल की टीम ने महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर आभूषण छिनने के मामले में गांव सादलपुर जिला मेरठ यूपी निवासी गुलजार को काबू कर लिया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि मधु गोयल निवासी हुड्डा कैथल की शिकायत अनुसार वे 5 अगस्त सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने घर से मंदिर जाने के लिए पैदल जा रही थीं। वहां एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और गीता शर्मा (योगा टीचर) का पता पूछने लगा। इस दौरान एक अन्य अज्ञात युवक भी उनके पास आकर बातों में उलझाने लगा। इसके बाद दोनों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उनके हाथों से सोने के दो कंगन, एक सोने की अंगूठी और चांदी का छल्ला उतारकर मोटरसाइकिल पर भाग गए। इस बारे में थाना सिविल लाइन में प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपी से व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।