शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बुलंदशहर

Bulandshahar News:खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पड़ी भारी, रामा और बंधन स्वीट्स के लाइसेंस निलंबित – Disregarding Food Safety Standards Proves Costly; Licenses Of Rama And Bandhan Sweets Suspended

November 3, 2026


बुलंदशहर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई में खामियां मिलने के बाद विभाग ने नगर के स्याना रोड स्थित रामा स्वीट्स एंड स्नैक्स और सिकंदराबाद स्थित बंधन स्वीट्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

एक नवंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की सहायक आयुक्त ममता चौधरी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थ विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर के स्याना अड्डा रोड स्थित रामा स्वीट्स, सिकंदराबाद के बंधन स्वीट्स, सिकंदराबाद स्थित शाह जी डेयरी, खुर्जा स्थित शिव लाल उस्ताद देवी मंदिर, खुर्जा के पंडित बाबू लाल रतन लाल, सिकंदराबाद के सिंघल स्वीट्स समेत अन्य प्रतिष्ठान पर छापा मारा गया था। इस दौरान 19 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे।

स्याना रोड स्थित रामा स्वीट्स एंड स्नैक्स जिले में बड़े स्तर पर मिठाइयों की सप्लाई करता है। ऐसे में प्रतिष्ठान में मिली खामियों को विभाग ने गंभीरता से लिया और लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी थी। इसके अलावा सिकंदराबाद के बंधन स्वीट्स पर भी बड़े स्तर पर अनियमितताएं पाई गई थीं, साथ ही दोयम दर्जे की मिठाई तैयार करने का मामला सामने आया था। इसके चलते दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ शासन स्तर से लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई है।

त्योहारी मिठाइयों में मिलावट से रहें सावधान, सेहत पर पड़ सकता है भारी असर

दिवाली नजदीक आते ही बाजारों में दूध, मावा, पनीर और इनसे तैयार होने वाली मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ गई है। त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती खपत के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पंकज उपाध्याय ने बताया कि मिठाइयों को आकर्षक दिखाने के लिए कई बार हानिकारक कृत्रिम रंगों और प्रतिबंधित मेटानिल येलो जैसे रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है। खाद्य पदार्थों में यूरिया, डिटर्जेंट, स्टार्च और घटिया गुणवत्ता वाले तेल की मिलावट की जा सकती है।

ऐसे पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग, गंभीर अपच और गैस्ट्रोएंटेराइटिस यानी पेट व आंतों में संक्रमण की समस्या हो सकती है। अत्यधिक चमकीले या अस्वाभाविक रंगों वाली मिठाइयों को खरीदने से बचें। खाद्य सामग्री हमेशा भरोसेमंद और लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खरीदें। पैकेट बंद उत्पादों पर निर्माण और समाप्ति की तारीख के साथ अन्य जरूरी जानकारियां भी जांच लें। यदि मिठाई की गंध, रंग या बनावट सामान्य से अलग अथवा संदिग्ध लगे तो उसका सेवन बिल्कुल न करें।

कोट —–

निरीक्षण के दौरान बड़े स्तर पर अनियमितताएं मिली थीं। दोनों प्रतिष्ठानों पर बड़े पैमाने पर गंदगी के अलावा नाली ढकी नहीं थी और साफ-सफाई का भी ध्यान नहीं रखा गया था। इसके चलते कार्रवाई की संस्तुति की गई थी। शासन स्तर से ही दोनों प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त किया गया है। —– ममता चौधरी, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X