ग्लोबल पॉप स्टार एड शीरन ने बताया कि कैसे शाहरुख खान से हुई एक आम मुलाकात ने उन्हें फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ से बॉलीवुड में अपना पहला गाना गाने का मौका दिलाया। इस गाने में उन्होंने अरिजीत सिंह और मधुबंती के साथ अपनी आवाज दी है।
यह कोलैबोरेशन कैसे मुमकिन हुआ?
इंटरनेशनल सिंगर-सॉन्ग राइटर एड शीरन ने अपने फैंस को इंस्टाग्राम के जरिए शाहरुख खान स्टारर सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्म किंग के जरिए अपने गाए गए सबसे पहले हिंदी गाने ‘तू मिल जाए’ के रिकॉर्डिंग की झलक यानी बिहाइंड-द-सीन्स को शेयर किया है।
मंगलवार शाम को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘जब मैं पहली बार शाहरुख खान से मिला था, तब उन्होंने मुझसे कहा था कि मुझे उनकी अगली फिल्म के लिए एक गाना बनाना चाहिए। साथ ही, यह मेरा पहला बॉलीवुड गाना भी होना चाहिए। पिछले कुछ वर्षों में हमारी अच्छी दोस्ती हो गई है और मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं।
पिछली बार जब मैं भारत आया था, तब मैं उनके घर गया था। वहां मैंने उनसे मेरे और अरिजीत सिंह के गाने ‘सैफायर’ के म्यूजिक वीडियो में एक छोटा सा कैमियो करने के लिए कहा था। उसी दिन उन्होंने मेरी मुलाकात सचिन-जिगर से कराई थी। इसके बाद उसी रात मैंने फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ के लिए अपना हिस्सा लिखा और रिकॉर्ड भी किया।
मुझे बहुत खुशी है कि इस गाने में अरिजीत सिंह भी मेरे साथ गा रहे हैं। मेरे सभी पसंदीदा लोग एक ही प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।’