शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:झिझक की दीवार टूटी, एचआईवी जांच के लिए खुद आ रहे आगे – The Barrier Of Hesitation Has Been Broken; People Are Now Coming Forward On Their Own For Hiv Testing

November 4, 2026


इस वर्ष 3940 लोगों ने कराई जांच, इनमें 25 फीसदी खुद आए जांच कराने, बीते वर्ष की तुलना में जांच कराने वाले 5 फीसदी अधिक

आदित्य कुमार शाही

पडरौना। एक वक्त था कि एचआईवी संक्रमण का नाम सुनते ही लोग जांच कराने से कतराते थे। सामाजिक संकोच और बदनामी के डर से कई लोग अपनी परेशानी छिपाते रहते थे। अब तस्वीर बदल रही है। जागरूकता बढ़ने के साथ लोग संक्रमण की आशंका होने पर खुद जांच कराने पहुंच रहे हैं।

कुशीनगर में एचआईवी जांच के प्रति बढ़ता भरोसा इसी बदलाव की कहानी बयां कर रहा है। इस साल अब तक 3940 लोगों की एचआईवी जांच हो चुकी है, 81 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 25 फीसदी ऐसे हैं जो आशंका होने पर खुद ही जांच कराने आए।

एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी केंद्र (एआरटी) के आंकड़ों के मुताबिक, खुद जांच कराने पहुंचने वालों का प्रतिशत हर साल बढ़ रहा है। बीते वर्ष की तुलना में स्वेच्छा से जांच कराने आने वालों में 5 फीसदी अधिक हैं। केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, कुशीनगर में 3510 एचआईवी संक्रमित पंजीकृत हैं, इनमें 65 फीसदी वे मरीज हैं जो नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते थे।

संक्रमित मरीजों में 65 फीसदी युवा

कुल पंजीकृत एचआईवी संक्रमितों में ऐसे युवाओं की संख्या 2282 है। असुरक्षित यौन संबंध और नशे के लिए संक्रमित सिरिंज के इस्तेमाल को संक्रमण के प्रमुख कारणों में शामिल किया गया है। जिले में कुल 3510 एचआईवी संक्रमित मरीज पंजीकृत हैं। इनमें आठ किन्नर, 304 किशोर-किशोरियां, 1821 पुरुष और 1590 महिलाएं शामिल हैं। इस साल जिन 81 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, उनमें से पांच की मौत हो चुकी है, जबकि शेष 76 मरीज नियमित उपचार करा रहे हैं।

वर्जन

लोगों में जागरूकता बढ़ने से अब वे खुद जांच कराने पहुंच रहे हैं। एचआईवी संक्रमण की पहचान जितनी जल्दी हो जाए, उपचार उतना ही प्रभावी रहता है। समय पर इलाज शुरू होने और नियमित दवा लेने से संक्रमण से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। संक्रमित व्यक्ति भी चिकित्सकीय निगरानी में लंबा और सामान्य जीवन जी सकता है। -डॉ. तुषार तिवारी, नोडल प्रभारी, एआरटी सेंटर, कुशीनगर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X