भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर एशिया में अपना दबदबा साबित कर दिया। हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 के फाइनल में भारत ने जापान को 4-1 से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए जापान की चुनौती को ध्वस्त कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने प्रतियोगिता का छठा खिताब अपने नाम किया।
शुरुआत में जापान ने ली 1-0 की बढ़त
मुकाबले की शुरुआत में जापान ने भारत को चौंकाते हुए तीसरे मिनट में ही मात्सुमोतो के गोल से 1-0 की बढ़त बना ली। शुरुआती बढ़त के बाद जापानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य नहीं खोया। पहले हाफ में पिछड़ने के बाद टीम इंडिया ने दूसरे हाफ में आक्रामक तेवर दिखाए और गोलों की झड़ी लगा दी।