शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
धनतेरस :बिजनौर शहर में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन – Dhanteras: Traffic Diversion To Be In Place In Bijnor City
बिजनौर

धनतेरस :बिजनौर शहर में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन – Dhanteras: Traffic Diversion To Be In Place In Bijnor City

November 6, 2026


– शक्ति चौक से डाकखाने की ओर से सिविल लाइन में चलेंगी कार

– सिविल लाइन जा सकेंगी ई रिक्शा, लौटने के लिए रहेगा दूसरा रास्ता

संवाद न्यूज एजेंसी

बिजनौर। धनतेरस पर आज बाजार में भीड़ उमड़ेगी, ऐसे में यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बिजनौर शहर में ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। सिविल लाइन में शक्ति चौक से डाकघर की ओर कार की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी। ई रिक्शा भी जा सकेंगी लेकिन लौटने के लिए दूसरा रास्ता अपनाना होगा।

बृहस्पतिवार को यातायात प्रभारी निरीक्षक रवि नैन ने सिविल लाइन और बाजार का मुआयना कर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया। जिसे आज शुक्रवार की सुबह दस बजे से लागू कर दिया जाएगा। बिजनौर शहर में ई रिक्शा संचालन के लिए पहले से ही दो जोन की व्यवस्था बनी हुई है। इसमें भी फेरबदल करते हुए सिविल लाइन में ई रिक्शा संचालन वन वे रहेगा। यानी शक्ति चौक से डाकघर की ओर ई रिक्शा जा सकेंगी। मगर इन्हें रोडवेज बस स्टैंड या बुल्ला के चौराहे से होते हुए वापस आना होगा। इसके अलावा कार की आवाजाही पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।

साथ ही डाकघर चौक से घंटाघर की ओर से कोई ई रिक्शा भी नहीं जा सकेंगी। दूसरे रास्ते से मुख्य बाजार में ई रिक्शा न चली जाएं, इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज के पास बैरिकेड लगा दी गई हैं।

– जाम से निपटने को तैनात रहेगी पुलिस

सिविल लाइन में जाम से निपटने के लिए दो जगहों पर यातायात पुलिस तैनात रहेगी। ताकि खरीदारी करने वाले लोगों की आवाजाही सुगम हो सके। बता दें कि धनतेरस पर बाजार में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है।

– आईटीआई में बिकेगी आतिशबाजी

सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि शहर में ई रिक्शा और कारों के संचालन के लिए रूट तय कर दिए गए हैं। भीड़ से निपटने के लिए हर बार की तरह इस बार भी आतिशबाजी राजकीय आईटीआई के मैदान में बिकेगी। यह स्थान शहर की भीड़भाड़ से भी दूर है।

— स्योहारा के रामलीला मैदान में ही बिकेगी आतिशबाजी

स्योहारा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बुधवार को स्योहारा पुलिस टीम के साथ नगर के प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान सीओ ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। सभी पुलिसकर्मी अनुशासन और मुस्तैदी के साथ दिन-रात ड्यूटी करते हुए त्योहारों को सकुशल संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतिशबाजी की बिक्री केवल रामलीला मैदान में ही होगी। आतिशबाजी की दुकानों पर लोहे की चादर की छत होना अनिवार्य है। सभी व्यापारी पर्याप्त मात्रा में रेत और पानी की व्यवस्था रखेंगे। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में परेशानी न हो। सुरक्षा के मद्देनजर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद रहेंगी।

पैदल मार्च के दौरान उन्होंने व्यापारियों अरुण कुमार वर्मा, अमित वर्मा, मुकेश बंसल, आशीष माहेश्वरी, स्वेत रस्तोगी, पारस वर्मा आदि से मुलाकात कर पुलिस की कार्यशैली का फीडबैक लिया तथा दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और सतर्क रहने की अपील की। इस अवसर पर व्यापारियों ने सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी, थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार और अधिशासी अधिकारी विजेंद्र सिंह पाल का सम्मान किया।

बिजनौर गिफ्ट सेंटर पर दीपावली की खरीदारी करती युवती संवाद

बिजनौर गिफ्ट सेंटर पर दीपावली की खरीदारी करती युवती संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X