Basti News:पुरानी पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन – Teachers Submitted A Memorandum Regarding Various Demands, Including The Restoration Of The Old Pension Scheme
बस्ती। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय संबद्ध महाविद्यालय शिक्षक संघ (सुआक्टा) के पदाधिकारियों ने महामंत्री डॉ. त्रिलोकी नाथ के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षकों की विभिन्न मांगों को पूरा करने की अपील की गई।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना का लाभ, फीडर कैडर, अधिवर्षता आयु 65 वर्ष करने, एनओसी रहित ऑनलाइन स्थानांतरण, मेडिकल लीव की बहाली तथा विश्वविद्यालय की सांविधानिक समितियों में महाविद्यालय के शिक्षकों को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग शामिल है। इन मांगों को लेकर शिक्षक पिछले तीन दिनों से काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सरकार से मांगों पर जल्द विचार करने का अनुरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का यथाशीघ्र समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर के उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षक सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान सुआक्टा के संयुक्त मंत्री डॉ. महेंद्र सोनी, प्रो. राजेश सिंह, डॉ. रंजन बसाक, डॉ. विशाल प्रकाश, डॉ. संजय गौतम, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. सूर्यप्रताप वर्मा, डॉ. प्रियेश चौरसिया, डॉ. अमित कुमार, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. राजकिशोर वर्मा, डॉ. दिग्विजय, डॉ. सतीश गुप्ता, डॉ. रश्मि साहू और डॉ. विनोद यादव मौजूद रहे।
