Pithoragarh News:दिवाली पर्व के बीच लड़खड़ाई विमान सेवा, तीन दिन में दूसरी बार फ्लाइट्स रद्द – Flight Services Disrupted During Diwali Festival; Flights Cancelled For The Second Time In Three Days
पिथौरागढ़। दिवाली पर्व के बीच तीन दिन के भीतर विमान सेवा दूसरी बार लड़खड़ा गई। इसके चलते त्योहारी सीजन में लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मौसम ठीक होने के बावजूद पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून रूट पर संचालित विमान सेवा के बार-बार कैंसिल होने से लोग इसकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाने लगे हैं।
बीते 27 अक्तूबर से एलाइंस एयर कंपनी ने विंटर शेड्यूल के अनुसार दिल्ली से पिथौरागढ़ व पिथौरागढ़ से देहरादून के लिए सप्ताह में पांच दिन सेवा शुरू करने का फैसला किया। इसमें शुक्रवार और रविवार को दोनों रूट पर विमान सेवा को विराम दिया गया है। विंटर शेड्यूल शुरू हुए एक हफ्ता ही गुजरा था कि कंपनी ने तकनीकी वजह बताते हुए बीते मंगलवार को दोनों रूट पर सेवा कैंसिल कर दी।
बुधवार को सेवा सुचारु रही परंतु अगले ही दिन बृहस्पतिवार को फिर कैंसिल हो गई, जिस कारण दिवाली पर्व के लिए दिल्ली, देहरादून से अपने घर आ रहे और पिथौरागढ़ से इन जगहों को जाने के लिए टिकट बुक कर चुके यात्रियों को अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ा। एकाएक यात्रा प्लानिंग बदलकर अधिकांश यात्री किसी तरह टैक्सी या बस से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार शाम पांच बजे तक इस बात की कोई स्पष्ट सूचना नहीं है कि शनिवार को विमान सेवा चलेगी या नहीं। ऐसे में जो यात्री दिल्ली जाकर आगे के अपने गंतव्य के हवाई सेवा का ही सहारा लेना चाहते हैं, वे भी धर्मसंकट में फंसे हुए हैं।
एंचोली क्षेत्र निवासी धर्मांनंद भट्ट ने बताया कि उनके रिश्तेदार की दिल्ली के लिए शनिवार की टिकट है उन्हें वहां से दूसरी फ्लाइट लेकर मुंबई जाना है। इन हालात में वह तय नहीं कर पा रहे हैं कि टैक्सी से निकल जाएं कि विमान आने का इंतजार करें।
विमान सेवा का बार-बार कैंसिल होना कंपनी के साथ ही सरकार पर भी सवाल खड़ा करता है। यदि लगातार असुविधा का सामना करना पड़ेगा तो लोग इससे जाएंगे ही क्यों। -भगवान रावत, संयोजक, जनमंच
सरकार केवल झूठा ढोल पीटकर वाहवाही लेने के प्रयास में लगी रहती है, जबकि जमीनी हकीकत बार-बार सामने आ रही है। वह चाहे सुचारु विमान सेवा का मामला हो, बेहतर ऑल वेदर रोड का या किसी अन्य काम का, हर जगह इनके झूठ की पोल खुलती जा रही है। -ऋृषेंद्र महर, राष्ट्रीय सचिव, युवा कांग्रेस
तकनीकी खराबी की वजह से बृहस्पतिवार की फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना आई थी। शनिवार को सेवा चलेगी या नहीं इसकी जानकारी देर शाम तक आएगी। -राहुल श्रीवास्तव, स्टेशन मैनेजर, एलाइंस एयर, नैनीसैनी एयरपोर्ट
