शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Deoria News:भोजन के बाद सिपाही की बिगड़ी हालत, माैत – Soldier’s Condition Deteriorates After Eating, Dies
देवरिया

Deoria News:भोजन के बाद सिपाही की बिगड़ी हालत, माैत – Soldier’s Condition Deteriorates After Eating, Dies

November 7, 2026


देवरिया। पुलिस लाइंस के सरकारी आवास में रहने वाले 27 वर्षीय सिपाही आदित्य राम श्रीवास्तव की बृहस्पतिवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। भोजन करने के बाद सोने की तैयारी के करते वक्त उनकी तबीयत बिगड़ गई।

साथी पुलिसकर्मी उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया की इमरजेंसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पुलिस लाइंस स्थित शहीद स्मारक पर दिवंगत सिपाही को शोक सलामी देकर अंतिम विदाई दी गई। एसपी अभिजित आर शंकर ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के मुजेहना गांव निवासी आदित्य राम श्रीवास्तव के पिता राजकुमार श्रीवास्तव का पहले ही निधन हो चुका है।

आदित्य 11 अक्तूबर 2020 को पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती एसपी कार्यालय स्थित सीओ कार्यालय में थी। वह पुलिस लाइंस के बी ब्लॉक स्थित सरकारी क्वार्टर नंबर सात में रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी।

रात करीब 10 बजे आदित्य भोजन करने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। जानकारी मिलने पर आसपास के आवासों में रहने वाले पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

हालत गंभीर देखकर उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले जाया गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी और सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अन्य पुलिसकर्मी भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी ने शोकाकुल परिजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और संवेदना व्यक्त की। साथी को अंतिम विदाई देते समय कई पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गईं। पुलिस लाइंस परिसर में शोक का माहौल रहा।

श्रद्धांजलि सभा में सीओ यातायात सतेंद्र राय, सीओ नगर संजय कुमार रेड्डी, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X