केकड़ी:सात समंदर पार परदेस में कैसी होती है अपनों से दूर दीपावली? केकड़ी-सरवाड़ के युवाओं ने बयां किया दर्द – Kekri: Overseas Youth Miss Sarwar’s Diwali, Homesickness And Family Memories Reflect In Video Calls
रोजगार और पढ़ाई के सिलसिले में सात समंदर पार रह रहे केकड़ी के युवाओं को परंपरागत त्योहार हर बार भावुक कर देते हैं। मन तो अपनों के बीच रहकर त्योहार मनाने का होता है, लेकिन लंबी दूरी, छुट्टियों की कमी और आर्थिक परिस्थितियां उन्हें घर लौटने से रोक देती है। ऐसे में घर के त्योहार मोबाइल स्क्रीन पर देखकर ही मना लेते हैं। उनकी हर खुशी वीडियो कॉल पर ही सिमटकर रह गई है।
कॅरियर की चुनौतियों और परिवार से दूर रहने की कसक के बीच सरवाड़ के इन युवाओं ने अपनी भावनाएं साझा कीं। किसी को मां के हाथ की मिठाइयां याद आ रही है तो कोई दोस्तों की महफिलों और शहर की गलियों को याद कर रहा है। इनकी जुबानी जानिए, विदेश में रहकर कैसी होती है अपनों से दूर दीपावली….
घर की रोशनी का कोई मुकाबला नहीं
नम्रता चौधरी (मैककिनी, डलास- अमेरिका) कहती हैं कि कुछ दूरियां मजबूरी होती हैं, लेकिन दिल का रास्ता हमेशा घर की ओर ही जाता है। अब समझ आता है कि घर सिर्फ मकान नहीं होता और माता-पिता से बढ़कर कोई त्योहार नहीं होता। दुनिया के किसी भी कोने में कितनी भी रोशनी हो, घर की दिवाली जैसी चमक कहीं नहीं मिलती। इस बार भी मन है कि घर के आंगन में दीया जलाऊं और मां-पापा के साथ बैठकर त्योहार मनाऊं।
बचपन और मां के हाथ की मिठाइयां याद आती हैं
आयुष लढ़ा (लंदन) बताते हैं कि सात समंदर पार रहने के बावजूद दिल आज भी सरवाड़ में धड़कता है। दीपावली आते ही घर लौटने की बेचैनी बढ़ जाती है। घर का आंगन, मां के हाथ की मिठाइयां और अपनों के बीच त्योहार मनाने की यादें ताजा हो जाती हैं। पिछले दो वर्षों से दीपावली पर घर नहीं जा पाए उनके अनुसार कुछ यात्राएं मंजिल के लिए नहीं, बल्कि अपनों के बीच अपनेपन को फिर से जीने के लिए होती हैं।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: रोडवेज को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 653 करोड़ रुपये का मुआवजा देने वाला अवार्ड रद्द बरकरार
त्योहार पर घर का खालीपन खलेगा
अर्पित पारीक (टोरंटो- कनाडा) कहते हैं कि इस बार गांव सरवाड़ में दिवाली नहीं मना पाएंगे। बाहर से सब सामान्य लगता है लेकिन मन में खालीपन है। घर की रौनक, मां के हाथ का खाना, परिवार के साथ हंसी-मजाक, पटाखों की आवाज और छोटी-छोटी खुशियां बहुत याद आएंगी। त्योहार का असली आनंद अपनों के बीच ही है।
हर साल अगली दिवाली का दिलासा
शीतल चौधरी (स्टेवेंगर- नॉर्वे) के अनुसार जिंदगी की भागदौड़ में परिवार के साथ बिताए पल ही सबसे अनमोल होते हैं। घर आने की इच्छा हर बार मजबूरी के आगे अधूरी रह जाती है। मां-पापा को हर साल अगली दिवाली पर घर आने का भरोसा देकर तसल्ली देती हूं लेकिन यह कसक मन में बनी रहती है।
दोस्तों की महफिलें पुकारती हैं
कन्हैयालाल वाधवानी (घाना- पश्चिमी अफ्रीका) बताते हैं कि दिवाली पर घर लौटने की इच्छा हर बार अधूरी रह जाती है। त्योहार नजदीक आते ही परिजनों के फोन आने लगते हैं। ऐसा लगता है मानो सरवाड़ की गलियां और दोस्तों की महफिलें उन्हें बुला रही हों। काश यह दिवाली अपनों के बीच मना पाते।
एक दिवाली तो परिवार के नाम हो
अभिषेक झंवर (सिएटल- अमेरिका) कहते हैं कि हर साल घर जाने की सोचते हैं, लेकिन परिस्थितियां साथ नहीं देतीं। वीडियो कॉल पर घर-परिवार की दिवाली देखकर मन को तसल्ली देते हैं। अपनों के साथ त्योहार मनाने के सुकून की जगह कोई आयोजन नहीं ले सकता। बस इंतजार है उस दिवाली का, जो अपने परिवार और दोस्तों के बीच मना सकें।
