Pithoragarh News:मडलक भगवती मंदिर में 11 नवंबर को होगा ऐतिहासिक बगवाली मेला – The Historic Bagwali Fair Will Be Held At The Madlak Bhagwati Temple On November 11
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के सीमावर्ती मड़लक स्थित भगवती मंदिर में भैया दूज के अवसर पर 11 नवंबर को पारंपरिक बगवाली मेले का आयोजन होगा। मेले में क्षेत्र के 12 गांवों के साथ ही नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। मेले का मुख्य आकर्षण विभिन्न गांवों से निकलने वाले देवी डोले और पारंपरिक जत्थे होंगे।
प्राचीन मान्यताओं के अनुसार भैया दूज के दिन माता भगवती अपने भाई यमराज का सिर पूजने के लिए मायके जाती हैं। इसी धार्मिक परंपरा से इस ऐतिहासिक मेले का जुड़ाव है। बगौटी, मडलक, मजपीपल और बुंगा गांव के चार देवी डोले विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कठिन पहाड़ी रास्तों को रस्सों के सहारे पार करते हुए देव डोलों की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए अनूठा दृश्य प्रस्तुत करती है।
मेले में सागर गांव का सेल्ला परिवार मायके पक्ष की भूमिका निभाते हुए देवियों को पारंपरिक पिछौड़ा भेंट करता है। इसके बाद सभी देव डोले मंदिर लौटते हैं, जहां देव डांगर श्रद्धालुओं को टीका लगाते हैं। मेले के आयोजन को लेकर मंदिर समिति अध्यक्ष आनंद जोशी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेले में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। पारंपरिक मेले के अगले दिन 12 नवंबर को भव्य सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित होगा। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक दल लोक कला और संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
