सिवनी:घर के पास दबे पांव पहुंचा बाघ, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें; वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी – A Tiger Crept Up Near A House In Seoni; The Incident Was Captured On Cctv

बाघ
– फोटो : (फाइल फोटो)
November 8, 2026

बाघ
– फोटो : (फाइल फोटो)
जिला मुख्यालय से महज 13 किलोमीटर दूर छिंदवाड़ा मार्ग पर स्थित ग्राम कातलबोडी में एक रिहायशी मकान के बेहद करीब बाघ की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह पूरी घटना सड़क किनारे स्थित किसान राजेश सनोडिया के खेत में बने मकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शनिवार शाम करीब 6 बजकर 8 मिनट पर बाघ घर के आसपास चहलकदमी करता दिखाई दिया। आबादी क्षेत्र में बाघ के आने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सामान्य वन परिक्षेत्र अधिकारी देवेंद्र सोनी ने बताया कि जिस मकान के पास बाघ देखा गया है, उसके नजदीक ही एक नाला बहता है, जो वन्यजीवों के आवागमन का सुगम रास्ता बन सकता है। जांच के दौरान टीम को मौके से बाघ के स्पष्ट पगमार्क (पैरों के निशान) भी बरामद हुए हैं, जिससे सीसीटीवी फुटेज की पुष्टि हुई है।
ये भी पढ़ें- दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पथराव और फायरिंग में 26 घायल; 39 लोगों पर केस
बाघ को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने और किसी भी अनहोनी को टालने के लिए वन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। रेंजर देवेंद्र सोनी के अनुसार, विभागीय अमला जीपीएस ट्रैकर, ट्रैप कैमरों और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से बाघ की सटीक लोकेशन ट्रेस करने में जुटा है। शनिवार की पूरी रात टीम ने क्षेत्र में गश्त और सर्चिंग की, वहीं रविवार सुबह से भी संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि सिवनी के आसपास के इलाकों में बीते कुछ दिनों से बाघ का मूवमेंट लगातार बना हुआ है। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि इससे पहले शहर की सब्जी मंडी के सामने जोसफ विला के पास भी बाघ के पगमार्क मिले थे। इसके अलावा लखनवाड़ा, लामाज्योति और फुलारा क्षेत्रों में भी बाघ की चहलकदमी देखी जा चुकी है। वन विभाग का अनुमान है कि इन सभी अलग-अलग स्थानों पर नजर आ रहा बाघ एक ही हो सकता है। फिलहाल, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और विभाग द्वारा बाघ की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
November 13, 2026
सिवनी-बालाघाट मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: पान की दुकान को तोड़ते हुए घर में घुसी बेकाबू कार, एक की मौत और दो घायल।
November 9, 2026
सिवनी में सोनी परिवार के मकान में आग लग गई। विस्तार सिवनी जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। सिवनी जिले के छपारा नगर स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के एक मकान में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक अग्निकांड में झुलसने के कारण एक ही परिवार के […]
