शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:दीपावली पर हिंदू-मुस्लिम एकता मंच ने पेश की भाईचारे की मिसाल, मिठाई बांटकर दिया प्रेम का संदेश – Hindu-muslim Unity Forum Spreads Message Of Communal Harmony By Distributing Diwali Sweets And Gifts
उमरिया

एमपी:दीपावली पर हिंदू-मुस्लिम एकता मंच ने पेश की भाईचारे की मिसाल, मिठाई बांटकर दिया प्रेम का संदेश – Hindu-muslim Unity Forum Spreads Message Of Communal Harmony By Distributing Diwali Sweets And Gifts

November 8, 2026


दीपावली के पावन पर्व पर हिंदू-मुस्लिम एकता मंच ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की। मंच के सदस्यों ने दीपावली के अवसर पर लोगों के बीच मिठाई और त्योहार से जुड़ी सामग्री वितरित कर खुशियां साझा कीं। इस पहल के जरिए मंच ने संदेश दिया कि त्योहार किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये सभी को एक-दूसरे के करीब लाने और खुशियां बांटने का अवसर होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मिठाई और दीपावली की सामग्री पाकर लोगों के चेहरों पर भी मुस्कान दिखाई दी। इस पहल के माध्यम से सामाजिक सद्भाव और आपसी विश्वास को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

हिंदू-मुस्लिम एकता मंच के संस्थापक मोहम्मद असलम शेर ने कहा कि भारत की असली खूबसूरती यहां की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे में बसती है। सभी धर्मों के लोग जब एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं, तो समाज में प्रेम और एकता की भावना मजबूत होती है। त्योहार हमें एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होने और आपसी रिश्तों को बेहतर बनाने का अवसर देते हैं।

पढे़ं: सीहोर: जहां पशुओं की खुशहाली के लिए दूध की नदी बहा देते हैं किसान, सदियों पुरानी आस्था आज भी कायम

वहीं, मंच के संयोजक ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, प्रकाश, खुशियों और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य समाज में हिंदू-मुस्लिम एकता, सद्भाव और आपसी विश्वास को मजबूत करना है। इसी भावना के साथ मंच की ओर से मिठाई और दीपावली सामग्री का वितरण किया गया, ताकि हर चेहरे पर मुस्कान आए और हर घर में खुशियों का उजाला पहुंचे।

उन्होंने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मजहब अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारा सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपसी नफरत मिटाकर प्रेम और एकता के दीप जलाएं तथा देश की गंगा-जमुनी तहजीब को हमेशा कायम रखें।

कार्यक्रम में मनोज सिंह, हनीफ अहमद खान, आलोक पांडेय, कासिम खान, मोहम्मद मोसिम, रोहित, अनुज वर्मा और सुमित साहू सहित हिंदू-मुस्लिम एकता मंच के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। मंच की इस पहल को लोगों ने सराहा। दीपावली के मौके पर मिठाई और खुशियां बांटने की यह पहल सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की सुंदर मिसाल बनकर सामने आई

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X