शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:निलंबित थानाध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज – Fir Registered Against Suspended Station House Officer (sho)

November 8, 2026


फोटो-16, निलंबित तत्कालीन जहानगंज थानाध्यक्ष राकेश सिंह।

– हाईकोर्ट के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक ने दर्ज कराई प्राथमिकी

– युवती की आत्महत्या के मामले में दिखाई थी फर्जी गिरफ्तारी

संवाद न्यूज एजेंसी

फर्रुखाबाद। कहानी गढ़कर दूसरे दिन गिरफ्तारी दिखाने वाले जहानगंज थानाध्यक्ष के निलंबित होने के बाद प्रभारी निरीक्षक ने उनके खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज करा दी है। हाईकोर्ट के आदेश पर तत्कालीन थानाध्यक्ष पर शिकंजा कस गया है।

जहानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने आठ सितंबर को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसके पिता ने यासीन पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें यासीन का बेटी के साथ दो साल से प्रेम प्रसंग चलने, धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने, बेटी के फोटो, वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इसी के चलते बेटी ने आत्महत्या कर ली थी।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने परिजन पर यासीन को मामले की जांच में सहयोग करने का दबाव बनाया था। 13 सितंबर को यासीन अपने अधिवक्ता के साथ थाने गया था। वहां पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर 14 सितंबर को गिरफ्तारी दिखा दी। यासीन ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी।

इसमें न्यायमूर्ति अतुल श्रीधर और न्यायमूर्ति अचल सचदेव की खंडपीठ ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद पाया कि उस समय के जांच अधिकारी (तत्कालीन थानाध्यक्ष जहानगंज) राकेश कुमार ने गिरफ्तारी में झूठे साक्ष्य गढ़े। याची और पुलिस के दस्तावेजों में भी अंतर मिला। गिरफ्तारी में पुलिस ने सिर्फ धारा 108 दिखाई और अदालत में प्रस्तुत दस्तावेजों में युवती को प्रताड़ित करने की बात कही गई थी।

हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने दो दिन पूर्व जहानगंज थानाध्यक्ष राकेश सिंह को निलंबित कर निरीक्षक बृजमोहन पाल की थाने में तैनाती की थी। तैनाती के बाद जहानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक ने तत्कालीन जहानगंज थानाध्यक्ष राकेश सिंह के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है।

इसमें कहा कि विवेचक उपनिरीक्षक राकेश सिंह ने 14 सितंबर की शाम 6.40 बजे आरोपी यासीन को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। 15 सितंबर को गिरफ्तारी दिखाई। इससे आरोपी की जमानत निरस्त कर दी गई। तथ्यों व कारण गिरफ्तारी में विरोधाभासी होने से प्रथम दृष्टया लोक न्याय व्यवस्था के प्रतिकूल करने का अपराध किया गया है।

जहानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन पाल ने बताया कि उनके चार्ज लेने से एक दिन पहले ही उपनिरीक्षक राकेश सिंह की लाइन के लिए रवानगी हो चुकी थी। विवेचना कौन करेगा, इसके लिए एसपी को पत्र लिखा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X