सिंगरामऊ। कबेली गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर करीब 12 दिन पहले बाइक की टक्कर से घायल साइकिल सवार वृद्ध की शुक्रवार की रात बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। पहितियापुर गांव निवासी राजाराम यादव (65) कबेली स्थित गौतमी पेट्रोल पंप पर चौकीदार थे। वह रात करीब आठ बजे घर से खाना खाकर साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में चोट आईं थी। सूचना पर पहुंचे पेट्रोल पंप मैनेजर ने निजी वाहन से उन्हें बदलापुर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रेफर कर दिया था। इसके बाद उनका बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा था, जहां शुक्रवार की रात उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मौर्य ने बताया कि घटना के संबंध में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रहा है। संवाद