शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Unnao News:वरासत के लिए तीन साल से चक्कर काट रही महिला – Unnao News
उन्नाव

Unnao News:वरासत के लिए तीन साल से चक्कर काट रही महिला – Unnao News

November 9, 2026


पुरवा। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में डीएम घनश्याम मीना और एसपी जयप्रकाश सिंह के पास 103 शिकायतें आईं। इसमें आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। निराश्रित महिला ने तीन साल बाद भी वरासत न होने की शिकायत की।

गांव बनिगांव के प्रमोद कुमार ने शिकायतीपत्र देकर बताया कि गांव में 2022 में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए 104 इज्जत घर जांच में कागजों पर बने मिले थे। जांच में पुष्टि के बाद प्रधान व सचिव पर 12.48 लाख रुपये की रिकवरी का आदेश भी जारी हुआ था लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। कई बार इसकी शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में भी की जा चुकी है। डीएम ने डीपीआरओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।

गांव लउवासिंहनखेड़ा की जनक दुलारी ने बताया कि 12 जून 2023 को पति की मौत हो गई थी। वरासत के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, अब तक वरासत नहीं हो सकी है। गांव मुरैता नवीन की सुनीता ने बताया कि पारिवारिक लाभ योजना के तहत उसने आवेदन किया था लेकिन उसका आवेदन निरस्त कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. एके शर्मा, एसडीएम दिग्विजय सिंह, तहसीलदार शिवम राठौर, बीडीओ संतोष श्रीवास्तव मौजूद रहे।

नहीं पहुंची सीडीओ, एसडीएम ने सुनी शिकायतें

बीघापुर। तहसील मुख्यालय पाटन में सीडीओ के न आने पर फरियादी मायूस दिखे। एसडीएम धर्मेंद्र सिंह के पास 53 प्रार्थनापत्र आए। इनमें पांच का मौके पर निस्तारण हो सका। समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार प्रियंका तिवारी, बीडीओ बलराम सिंह, चकबंदी अधिकारी ब्रजेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार विजयरंजन श्रीवास्तव, डिप्टी सीवीओ डॉ. सर्वेंद्र सचान, सीडीपीओ निशि श्रीवास्तव, पूर्ति निरीक्षक मनोज राजवंशी मौजूद रहे।

सदर में 11 व सफीपुर, हसनगंज में चार-चार शिकायतों का निस्तारण

सफीपुर। एडीएम (न्यायिक) अभिताभ यादव की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आए 57 पत्रों में चार का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम फाल्गुनी सिंह, तहसीलदार अविनाश चौधरी व एसडीओ एजाज अहमद मौजूद रहे। हसनगंज में एसडीएम शालिनी सिंह तोमर की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं, जिसमें कुल 71 फरियादी आए। मौके पर चार राजस्व के मामलों का निस्तारण किया गया। सदर तहसील में 62 शिकायतों में 11 का मौके पर निस्तारण हुआ।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X