Hamirpur (himachal) News:पटाखा बाजार सजा, रोशनी का इंतजाम करना भूला निगम – Firecracker Market Set Up, But Municipal Corporation Forgets To Arrange For Lighting
तीन दिन के स्टाल का किराया 3300 रुपये, बिजली की सुविधा न मिलने से दुकानदार परेशान
पिछले साल के मुकाबले तीन गुना से अधिक हुआ किराया
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शहर की ट्राला यूनियन के पास सजे पटाखों के अस्थायी बाजार में इस बार रौनक तो खूब है, लेकिन दुकानदारों के कारोबार पर अंधेरे का साया मंडरा रहा है। नगर निगम हमीरपुर की ओर से बाजार में बिजली की व्यवस्था नहीं किए जाने से पटाखा कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि जब स्टॉल लगाने के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है तो कम से कम बिजली जैसी बुनियादी सुविधा तो उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।
इस बार पटाखा बाजार में दुकान सजाना कारोबारियों के लिए पहले के मुकाबले काफी महंगा साबित हो रहा है। दुकानदारों के अनुसार तीन दिन के लिए एक स्टॉल का किराया करीब 3300 रुपये वसूला गया है, जबकि पिछले साल इसी स्टाल के लिए लगभग 1000 रुपये लिए गए थे। यानी स्टाल का किराया तीन गुना से भी अधिक हो गया है। दूसरी ओर पटाखों के दामों में भी पिछले साल की तुलना में करीब 15 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में दुकानदारों को स्टाल किराये, पटाखों की खरीद और अन्य खर्चों के बीच अपना मुनाफा बचाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार के चलते बाजार में ग्राहकों की अच्छी आवाजाही होगी और बिक्री के जरिये बढ़े हुए खर्च की भरपाई हो सकेगी, लेकिन बिजली की व्यवस्था न होने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिरने की आशंका है। शुक्रवार से रविवार तक पटाखों के स्टाल लगाने की अनुमति दी गई है। शुक्रवार को बाजार सजकर तैयार तो हो गया, लेकिन रोशनी का इंतजाम नहीं हो पाया। दुकानदारों ने नगर निगम से जल्द बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करवाने की मांग उठाई है, ताकि त्योहार के इन तीन दिनों में उनका कारोबार प्रभावित न हो और ग्राहक भी आसानी से खरीदारी कर सकें।
-यदि बिजली की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है तो रात के समय भी ग्राहक आसानी से खरीदारी कर सकेंगे। -सुशील, दुकानदार
-नगर निगम हमीरपुर जल्द बिजली की व्यवस्था उपलब्ध करवाए। पटाखों के दाम हर साल बढ़ जाते हैं।-काव्यं, दुकानदार
-तीन दिन पटाखा स्टाल लगाने की अनुमति है। शुक्रवार को बिक्री कम हुई थी। उम्मीद है दो दिन अच्छी बिक्री होगी। -गैरी पामा, दुकानदार
-शुक्रवार को स्टाल लगाया था। हर प्रकार के पटाखे उपलब्ध हैं। पटाखों के दाम बजट के अनुसार हैं।-दलजीत, दुकानदार
कोट
-समस्या ध्यान में आई है। स्टॉल में बिजली की सुविधा दी जाएगी। -राकेश शर्मा, आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर

गैरी पामा, दुकानदार– फोटो : सांकेतिक

गैरी पामा, दुकानदार– फोटो : सांकेतिक

गैरी पामा, दुकानदार– फोटो : सांकेतिक

गैरी पामा, दुकानदार– फोटो : सांकेतिक
