सेलिना जेटली ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने दिल का दर्द बयां किया है। सेलिना के तीनों बेटे फिलहाल ऑस्ट्रिया में अपने पिता पीटर हाग के साथ रहते हैं। वहीं, अभिनेत्री और उनके पति के बीच तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर कानूनी लड़ाई चल रही है।
‘मुझे डर है कि तुम मां का प्यार न भूल जाओ’
सेलिना ने 8 नवंबर को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने बताया कि यह लगातार दूसरी दिवाली है, जब वह अपने बच्चों के साथ नहीं हैं। उन्होंने अपने बेटों विंस्टन, विराज और आर्थर को याद करते हुए लिखा कि यह सोचकर उनका दिल टूट जाता है कि उनके मासूम बच्चे इतनी तकलीफ से गुजर रहे हैं और उन्हें किसी एक का पक्ष चुनने जैसा महसूस हो रहा है।
सेलिना ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘यह सोचकर मेरा दिल टूट जाता है कि तुम्हारे छोटे और मासूम दिल इतना दर्द झेल रहे हैं। तुम्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि तुम्हें किसी एक का पक्ष चुनना है। मुझे सबसे ज्यादा डर इस बात का है कि कहीं तुम्हें बताई जा रही बातों के बीच तुम अपनी मां का प्यार न भूल जाओ।’