टीकमगढ़:8.80 लाख के 40 पाइप चोरी, पुलिस ने ट्रक-हाइड्रा समेत 58 लाख का माल किया बरामद – Tikamgarh Police Solve Theft Case; 2 Suspects Arrested, Stolen Goods Worth ₹58 Lakh Recovered
निर्माणाधीन पेयजल परियोजना के लिए रखे लोहे के 40 भारी-भरकम पाइप चोरी हो गए। इनकी कीमत करीब 8 लाख 80 हजार रुपये बताई गई। मामले में थाना कुड़ीला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के पाइपों के साथ वारदात में इस्तेमाल ट्रक और हाइड्रा वाहन भी जब्त किया है। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 57 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।
मामला ग्राम बनपुरा का है। यहां मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (MPUDC) की पेयजल आपूर्ति परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। जैन इंजीनियरिंग वर्क्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने जिन्दल कंपनी के 300 एमएम के-9 डीआई लोहे के 55 पाइप बस रोड के पास रखे थे।
5 नवंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे कंपनी के स्टोर इंचार्ज कृष्णप्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और पाइपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पता चला कि वहां रखे 55 पाइपों में से 40 गायब हैं और केवल 15 पाइप ही बचे हैं। चोरी हुए प्रत्येक पाइप की कीमत करीब 22 हजार रुपये थी। इसके बाद 7 नवंबर को उन्होंने थाना कुड़ीला पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
पढे़ं: सिवनी-कटनी अग्निकांड के बाद पटवारी का सरकार पर हमला, बोले- हादसों ने खोल दी अग्निशमन व्यवस्था की पोल
पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल के निर्देशन में थाना कुड़ीला पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों तक पहुंच गई।
पुलिस ने दशरथ साहू (32), निवासी सूरजपुरा कलां, जिला छतरपुर और अनुरुद्ध प्रताप सिंह (34), निवासी खरगापुर, जिला टीकमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी 40 पाइप बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल अशोक लेलैंड ट्रक, जिसकी कीमत करीब 23 लाख रुपये और एक्सन कंपनी का हाइड्रा वाहन, जिसकी कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त किया है। इस तरह पुलिस ने करीब 57 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
