शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:नकली खाद के कारोबार का खुलासा, 700 बोरा उर्वरक और 500 बोरा जिंक जब्त – Fraud Against Farmers Exposed Begusarai Bihar News
मुंगेर

बिहार:नकली खाद के कारोबार का खुलासा, 700 बोरा उर्वरक और 500 बोरा जिंक जब्त – Fraud Against Farmers Exposed Begusarai Bihar News

November 9, 2026


बेगूसराय जिले में नकली और अवैध उर्वरक के कारोबार के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। साहेबपुर कमाल प्रखंड में बेगूसराय-खगड़िया सीमा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के पास हिराटोल और रघुनाथपुर करारी इलाके में सुबह-सुबह छापेमारी कर अवैध उर्वरक के कारोबार का खुलासा किया गया।

इस कार्रवाई में करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक, पांच किलोग्राम के 500 बोरा जिंक और 300 खाली बोरे समेत भारी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई है। दरअसल, कृषि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त इलाके में अवैध तरीके से डीएपी, पोटाश और अन्य उर्वरकों का निर्माण एवं भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही जिला कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक और किसान सलाहकारों की टीम पुलिस बल एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान संबंधित परिसर में ताला बंद मिला। इसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए ताला खुलवाया गया और परिसर की सघन तलाशी ली गई। छापेमारी के दौरान वहां बड़ी मात्रा में संदिग्ध उर्वरक और उनके निर्माण एवं पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक, पांच किलोग्राम के 500 बोरा जिंक, 300 खाली बोरे तथा उर्वरक की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले रंग सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। बरामद उर्वरकों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट से ही उर्वरकों की गुणवत्ता और उनकी वास्तविक प्रकृति का खुलासा हो सकेगा।

इस मामले में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। कृषि विभाग अब इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बिहार: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार, बस पलटने से तीन की मौत व 44 यात्री घायल; टायर फटने की आशंका

जिला कृषि पदाधिकारी ने छापेमारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बलिया, बिपिन कुमार और साहेबपुर कमाल की पूरी कृषि टीम के कार्यों की सराहना की। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण और मानक के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। नकली और अवैध उर्वरक के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिले में छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

खाद दुकान में छापेमारी करते जिला प्रशासन

खाद दुकान में छापेमारी करते जिला प्रशासन

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X