शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उधमपुर

Udhampur News:योजनाओं की जानकारी दी, लोगों की शिकायतों का निपटारा किया – Jammu Kashmir News

November 9, 2026


उधमपुर। जनजातीय गौरव दिवस समारोह के तहत भगवान बिरसा मुंडा की विरासत और योगदान को याद करते हुए जिला प्रशासन उधमपुर की ओर से ग्राम पंचायत दरसू के गवर्नमेंट मिडिल स्कूल गुढ़ाड़ में जनजातीय आउटरीच और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र के फंक्शनल मैनेजर जगदीप सिंह ने की जो इस पहल के लिए नामित नोडल अधिकारी हैं।

कार्यक्रम में कृषि, रेशम उत्पादन, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने जनजातीय समुदाय के लोगों से बातचीत की। विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही लोगों की शिकायतों का निपटारा किया।

कार्यक्रम में पूर्व सरपंच सुभाष चंदर, सामाजिक कार्यकर्ता काका राम, स्थानीय जनजातीय लोग और स्कूली छात्रों ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी ने समावेशी विकास, जमीनी स्तर पर भागीदारी और सरकारी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल जिला प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत शासन को लोगों के दरवाजे तक पहुंचाया जा रहा है, विशेषकर दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक, ताकि सरकारी लाभों के बारे में जागरूकता, पहुंच और समय पर वितरण सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के अंत में भाग लेने वाले छात्रों को प्रोत्साहन के रूप में कॉपियां, पेन और अन्य स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X