Jind News:पिछले साल देश में सबसे प्रदूषित था जींद, इस बार टॉप-20 से भी बाहर…एक्यूआई में बड़ा सुधार – Incidents Of Crop Residue Burning Have Once Again Worsened Air Quality
जींद। दिवाली पर पिछले साल प्रदूषण के मामले में जींद देशभर में में टॉप पर था। इस बार जींद टॉप-20 प्रदूषित शहरों की सूची से बाहर है। पिछले साल जिले में एक्यूआई 421 दर्ज किया गया था। वहीं इस बार आंकड़ों में काफी सुधार देखने को मिला है और दिवाली के अगले दिन सोमवार को एक्यूआई 235 दर्ज किया गया। वहीं हालात अभी भी चिंताजनक हैं।
हालांकि, दीपावली पर आतिशबाजी और खेतों में फसल अवशेष जलाने की घटनाओं ने हवा की सेहत फिर बिगाड़ दी। दीपावली की आग में पराली भी जली और पटाखों के धुएं ने प्रदूषण का स्तर बढ़ा दिया।
दिवाली की रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे से ही शहर में पटाखे चलने शुरू हो गए थे। रात 11 बजे के बाद भी कई कॉलोनियों में तेज आवाज वाले पटाखे फोड़े जाते रहे। लगातार आतिशबाजी से उठे धुएं के कारण रात में प्रदूषण का स्तर 500 के पार पहुंच गया।
सोमवार सुबह एक्यूआई 270 दर्ज किया गया, जबकि दोपहर बाद इसमें कुछ सुधार हुआ और यह 235 पर आ गया। इसके बावजूद पूरे दिन आसमान में स्मॉग छाया रहा। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में नमी 51 प्रतिशत और हवा की गति छह किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। ऐसे में प्रदूषण के कण वातावरण में बने रहे।
14 जगह जली पराली, चार किसानों पर एफआईआर दर्ज
दिवाली के दिन कृषि विभाग को खेतों में पराली जलाने की 14 लोकेशन मिलीं। इनमें अलेवा, दनौदा कलां, जामनी, जुलहेड़ा में दो, कालवन में दो, नेपेवाला, पेगां, साहनपुर, सेढ़ा माजरा, बुआना में दो और उझाना गांव शामिल हैं। विभाग की शिकायत पर जुलहेड़ा निवासी बसाऊ, सेढ़ा माजरा निवासी नरेश, कालवन निवासी सुमित और जयप्रकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। चारों किसानों पर कुल 20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। बाकी लोकेशन पर विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि खेतों में आग किसने लगाई और वहां वास्तव में फसल अवशेष जलाए गए थे या नहीं।
पटाखों से दस जगह आग, बांस मार्केट भी आई चपेट में
दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान जिले में आगजनी की दस घटनाएं हुईं। इनमें तीन घटनाएं नरवाना क्षेत्र की रहीं। यहां एक मकान की छत पर रखे सामान, पराली के ढेर और एक पिज्जा हाउस में आग लगी। अलीपुरा गांव में तूड़ी के कूप और लिजवाना खुर्द में तीन बिटोड़ों में आग लगने से नुकसान हुआ। वहीं, जींद शहर के रोहतक रोड स्थित बांस मार्केट भी आग की चपेट में आ गई। अन्य स्थानों से भी दमकल विभाग को आग लगने की सूचनाएं मिलीं। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दिवाली पर संभावित घटनाओं को देखते हुए दमकल विभाग ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर 12-12 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई थी। विभाग के अनुसार जिले में 116 कर्मचारियों का स्टाफ तैनात था। इनमें 16 नियमित, 47 पालिका रोल और 43 हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रखा गया था।
लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक
एक्यूआई का स्तर 201 से 300 के बीच खराब श्रेणी में माना जाता है, जबकि 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है। ऐसे में दिवाली की रात 500 के पार पहुंचा प्रदूषण स्तर स्वास्थ्य के लिहाज से चिंता बढ़ाने वाला रहा। लंबे समय तक खराब हवा में रहने से सांस लेने में परेशानी हो सकती है। दमा, फेफड़ों और हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सांस, दमा और एलर्जी के मरीज बरतें सावधानी
प्रदूषण बढ़ने पर सांस, दमा और एलर्जी के मरीजों को खुले में कम निकलना चाहिए। जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो मास्क का इस्तेमाल करें। बच्चों और बुजुर्गों को भी धुएं के संपर्क से बचाएं। प्रदूषण के दौरान सुबह-शाम की सैर कुछ दिन टालकर घर में हल्का व्यायाम किया जा सकता है। बाइक चलाते समय आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा पहनें। आंखों में जलन या पानी आने की समस्या होने पर चिकित्सक से सलाह लें। – डॉ. राजेश भोला, डिप्टी एमएस, नागरिक अस्पताल
वर्जन
दिवाली के दौरान आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने के लिए विभाग की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। कर्मचारियों की शिफ्ट के अनुसार ड्यूटी लगाई गई थी और उन्हें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया था। – विकास कुमार, फायर सेफ्टी ऑफिसर, जींद
वर्जन
आग की घटनाओं के बाद मौके का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को लोगों को जागरूक करने और आग लगाने वाले किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए हैं। 14 लोकेशन में से चार किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। शेष लोकेशन की जांच जारी है। -सुखदेव कंबोज, डीडीए जींद।

फोटो 09जेएनडी15-दीपावली पर जुलाना क्षेत्र में लगी आग को बुझाते हुए दमकलकर्मी। स्रोत ग्रामीण

फोटो 09जेएनडी15-दीपावली पर जुलाना क्षेत्र में लगी आग को बुझाते हुए दमकलकर्मी। स्रोत ग्रामीण

फोटो 09जेएनडी15-दीपावली पर जुलाना क्षेत्र में लगी आग को बुझाते हुए दमकलकर्मी। स्रोत ग्रामीण

फोटो 09जेएनडी15-दीपावली पर जुलाना क्षेत्र में लगी आग को बुझाते हुए दमकलकर्मी। स्रोत ग्रामीण

फोटो 09जेएनडी15-दीपावली पर जुलाना क्षेत्र में लगी आग को बुझाते हुए दमकलकर्मी। स्रोत ग्रामीण

फोटो 09जेएनडी15-दीपावली पर जुलाना क्षेत्र में लगी आग को बुझाते हुए दमकलकर्मी। स्रोत ग्रामीण
