Bahraich News:गोशाला में सात गोवंशों की मौत से आक्रोश – Outrage Over The Death Of Seven Cattle In A Cowshed
पयागपुर। विकासखंड पयागपुर की लालपुर गोशाला में सात गोवंशों की मौत के बाद उनके शवों का निस्तारण नहीं कराया गया। खुले में पड़े शवों को कुत्ते नोच रहे हैं। इससे आसपास दुर्गंध फैल रही है और ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि चारा और इलाज नहीं मिलने से बीमार व घायल गोवंशों की मौत हुई है।
गोशाला में अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बाद उच्चाधिकारियों ने 22 अक्तूबर को इसे झाला तरहर स्थित गोशाला में स्थानांतरित करने का आदेश दिया था। इसके बाद लालपुर गोशाला में भूसे और चारे की आपूर्ति बंद कर दी गई। 31 अक्तूबर तक अधिकांश गोवंशों को झाला तरहर पहुंचा दिया गया, लेकिन गंभीर रूप से बीमार और घायल सात गोवंशों को लालपुर में ही छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि देखभाल और उपचार के अभाव में उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत खंड विकास अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव से की। उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी वात्सल्य अस्थाना को फटकार लगाई, लेकिन इसके बाद भी शवों का निस्तारण नहीं कराया गया। बीडीओ ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
