शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:पटाखे के ऊपर रखी स्टील की गिलास धमाके से उछली, 9 साल के बच्चे के पेट में घुसी; गंभीर हालत में शहडोल रेफर – Nine-year-old Boy Seriously Injured As Steel Glass Hits Abdomen During Firecracker Blast In Umaria
उमरिया

एमपी:पटाखे के ऊपर रखी स्टील की गिलास धमाके से उछली, 9 साल के बच्चे के पेट में घुसी; गंभीर हालत में शहडोल रेफर – Nine-year-old Boy Seriously Injured As Steel Glass Hits Abdomen During Firecracker Blast In Umaria

November 10, 2026


Nine-Year-Old Boy Seriously Injured as Steel Glass Hits Abdomen During Firecracker Blast in Umaria

दुर्घटना

विस्तार

दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान बरती गई एक छोटी सी लापरवाही नौ वर्षीय बच्चे के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। बिरसिंहपुर पाली नगर के वार्ड क्रमांक 10 में पटाखा जलाने के दौरान हुए हादसे में स्टील की गिलास उछलकर बच्चे के पेट में जा लगी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उसके पेट में गहरा घाव हो गया और अंदरूनी अंग तक दिखाई देने लगे। गंभीर हालत में बच्चे को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे शहडोल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम की है। वार्ड क्रमांक 10 निवासी सौकी बसोर का नौ वर्षीय बेटा हिमांशु घर के आंगन में पटाखे जला रहा था। इसी दौरान उसने पानी पीने के लिए रखी स्टील की गिलास जलते हुए पटाखे के ऊपर रख दी। बच्चे को अंदाजा नहीं था कि धमाके के दबाव से गिलास इतनी तेज गति से उछल सकती है।

जैसे ही पटाखा फूटा, धमाके के कारण स्टील की गिलास हवा में उछलकर सीधे हिमांशु के पेट से जा टकराई। टक्कर से उसके पेट में गहरा घाव हो गया। अचानक हुए हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। बच्चे की हालत देखकर परिजन घबरा गए और उसे तत्काल निजी वाहन से बिरसिंहपुर पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

गंभीर चोट देखकर चिकित्सकों ने किया रेफर

अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। पेट में गंभीर चोट और बेहतर चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता को देखते हुए उसे तत्काल हायर सेंटर शहडोल रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर शहडोल रवाना हो गए। फिलहाल बच्चे की आगे की चिकित्सा और स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है।

पटाखों के साथ प्रयोग करना पड़ सकता है भारी

यह हादसा बताता है कि पटाखों के साथ किसी भी तरह का प्रयोग कितना खतरनाक हो सकता है। जलते पटाखे के ऊपर गिलास या दूसरी वस्तु रखना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। खासकर बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला छोड़ना जोखिम भरा है। आतिशबाजी के दौरान अभिभावकों की निगरानी, सुरक्षित दूरी और सावधानी बेहद जरूरी है। एक पल की असावधानी ने पूरे परिवार को अस्पताल की दौड़ लगाने पर मजबूर कर दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X