शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चित्रकूट

Chitrakoot News:दिवली मेले में दिखा कुंभ जैसा नजारा – A Scene Reminiscent Of The Kumbh Mela Was Witnessed At The Diwali Fair

November 10, 2026


चित्रकूट। धर्मनगरी में पांच दिवसीय दीपावली मेले में प्रयागराज के कुंभ जैसा नजारा देखने को मिला। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर परिक्रमा की। यहां की सजावट, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर रहीं। इस बार उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकार ने मिलकर व्यवस्थाएं की। सुरक्षा और जानकारी देने के लिए जगह जगह पुलिसकर्मी और अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है।

चित्रकूट में उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश क्षेत्र में कई धार्मिक स्थल हैं। कामदगिरि परिक्रमा दोनों राज्यों की सीमा में पड़ती है। दीपावली मेले को बेहतर बनाने के लिए चित्रकूट और सतना जिलों के अधिकारियों ने एक साथ बैठकें कर तैयारियां का जायजा भी लिया था। मेला क्षेत्र में की गई भव्य सजावट व व्यवस्था को देखकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। उन्नाव केराहुल अवस्थी और सुमन अवस्थी ने बताया कि भगवान श्रीराम की तपोभूमि में इस बार प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ का नजारा देखने को मिल रहा है। उन्हें यहां आकर बहुत खुशी मिली। डीएम चित्रकूट पुलकित गर्ग व एसपी अरुण कुमार सिंह मेला का निरीक्षण कर व्यवस्था देखते रहे।

जैसे आकाश से तारे उतर आए

चित्रकूट। रामघाट में लगे बिजली के उपकरणों की भव्य सजावट से मंदाकिनी नदी में ऐसा लग रहा था मानो मंदाकिनी नदी ही आसमान हो। नदी की लहरों के बीच पड़ रही रोशनी आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रद्धालु रामघाट के किनारे खड़े यह नजारा देखते रहे। श्रद्धालु राकेश सिंह, अनीता त्रिपाठी और नेहा यादव ने बताया कि मंदाकिनी नदी में ऐसा लग रहा था मानो नदी में आकाश से तारे उतर आए हैं।

बाढ़ पीड़ित दुकानदारों के चेहरे खिले

चित्रकूट। मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से जहां दुकानदारों के जख्म अभी तक गहरे थे, वहीं दीपावली मेले में बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं से उनके चेहरे खिल गए। श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की, जिसमें पूजा सामग्री सहित खाने-पीने की वस्तुओं की बिक्री शामिल रही। अगस्त व सितंबर में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से दुकानदारों का भारी नुकसान हुआ था। इससे दुकानदार निराश थे। मेले में बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने जब उनकी दुकानों से खरीदारी की तो दुकानों में रौनक आ गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X