Sonipat News:राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो में पदक विजेता पलक शर्मा का किया स्वागत – Palak Sharma, A Medalist In National And International Taekwondo
फोटो 15: सोनीपत के जीवीएम कन्या महाविद्यालय की पदक विजेता ताइक्वांडो खिलाड़ी पलक का स्वागत करती प्राचार्य डॉ. मंजुला स्पाह व खेल प्रभारी अनु। स्रोत: महाविद्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जीवीएम कन्या महाविद्यालय की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा पलक शर्मा ने ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। पलक ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कॉलेज की खेल प्रभारी अनु ने बताया कि पलक शर्मा ने 30 अक्तूबर से 1 नवंबर तक राजस्थान के जयपुर स्थित एसएमएस स्टेडियम में आयोजित इंडिपेंडेंस कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सीनियर वर्ग के 62 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा थाईलैंड के चोनबुरी जिले के पटाया शहर स्थित ईस्टर्न नेशनल स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी पलक ने रजत पदक जीता।
पलक की इस उपलब्धि से कॉलेज में खुशी का माहौल है। संस्था के प्रधान डॉ. ओपी परूथी और प्राचार्य डॉ. मंजुला स्पाह ने पलक को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण से ही सफलता हासिल होती है। उन्होंने पलक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य छात्राओं को भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
