Tehri News:नई टिहरी के लोगों की प्यास नहीं बुझा पा रही बूढ़ी पंपिंग योजना – The Old Pumping Scheme Is Unable To Quench The Thirst Of The People Of New Tehri
फाइलों में कैद पंपिंग योजना का पुनर्गठन, लोग झेल रहे पानी का संकट
नई टिहरी। जिला मुख्यालय नई टिहरी की पंपिंग पेयजल योजना अपनी निर्धारित डिजाइन अवधि पूरी कर चुकी है। 36 साल पुरानी हो चुकी योजना की जर्जर पाइपलाइन आए दिन पानी का दबाव नहीं झेल पा रही है। नतीजा नगर क्षेत्र में बार-बार पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। बीते चार नवंबर को कुठ्ठा में पाइपलाइन फटने से जिला मुख्यालय में लगातार तीन दिन तक जलापूर्ति ठप रही। इसके बावजूद योजना के पुनर्गठन का प्रस्ताव धरातल पर नहीं उतर पाया है।
नई टिहरी पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण वर्ष 1990 के आसपास किया गया था। जीरो ब्रिज से नई टिहरी तक पांच स्टेज में पानी पहुंचाने वाली इस योजना की डिजाइन अवधि 30 वर्ष निर्धारित की गई थी। वर्ष 2020 में इसकी तय अवधि पूरी हो गई थी। इसके बाद भी योजना पुरानी पाइप लाइनों के सहारे संचालित हो रही है। करीब 25 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन पानी का तेज दबाव नहीं झेल पा रही है। आए दिन कहीं न कहीं पाइप फटने से आपूर्ति बाधित हो जाती है। पाइपलाइन की मरम्मत में लगने वाले समय के कारण लोगों को कई-कई दिन पानी की समस्या से जूझना पड़ता है।
नई टिहरी की स्थिति यह है कि नगर क्षेत्र में पेयजल के लिए कोई प्राकृतिक जल स्रोत उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लोगों की निर्भरता पूरी तरह पंपिंग योजना पर है। आपूर्ति बाधित होने पर जल संस्थान टैंकरों से पानी पहुंचाता है लेकिन इससे भी सभी लोगों को राहत नहीं मिल पाती। सड़क के आसपास रहने वाले लोग ही टैंकरों से पानी भर पाते हैं, जबकि अन्य लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में पुरानी योजना के पुनर्गठन में देरी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
नई टिहरी की पंपिंग पेयजल योजना काफी पुरानी हो चुकी है। पानी का दबाव बढ़ने से कई बार पाइपलाइन फट जाती है। मरम्मत में समय लगने के कारण आपूर्ति बाधित होती है। ऐसी स्थिति में टैंकरों से जलापूर्ति कराई जाती है।
– प्रशांत भारद्वाज, ईई, जल संस्थान नई टिहरी
नई टिहरी पंपिंग पेयजल योजना के पुनर्गठन की डीपीआर शासन को भेजी जा रही है। योजना को स्वीकृति मिलने की उम्मीद है, हालांकि इसमें कितना समय लगेगा, अभी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।
– वीके जैन, अधीक्षण अभियंता, जल निगम नई टिहरी
