Srinagar News:बीरवाह में दिखी कश्मीरियत की मिसाल, सिख व्यक्ति की अंतिम यात्रा में उमड़ा मुस्लिम समुदाय – Srinagar, Budgam, Cremation Of Sikh, Muslims Participate
– अत्तीना बीरवाह निवासी एस. नरिंदरपाल सिंह बाली के निधन पर गमजदा हुआ पूरा इलाका, मजहबी सीमाओं से परे दिखा इंसानी रिश्तों का अपनापन
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। सांप्रदायिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और अटूट इंसानियत की एक भावुक और प्रेरक मिसाल पेश करते हुए बडगाम जिले के बीरवाह इलाके में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में एक सिख नागरिक की अंतिम यात्रा में भाग लिया। अत्तीना बीरवाह निवासी एस. नरिंदरपाल सिंह बाली के निधन के बाद अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय मुस्लिम पड़ोसियों और ग्रामीणों ने शोकाकुल सिख परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहकर उनका ढांढस बंधाया।
अत्तीना बीरवाह निवासी स्वर्गीय एस. जोध सिंह सिंहबाली के सुपुत्र एस. नरिंदरपाल सिंह बाली का 8 नवंबर को निधन हो गया था। जैसे ही उनके देहांत की खबर फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी तादाद में मुस्लिम समुदाय के गणमान्य लोग, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए जिसने क्षेत्र में पीढ़ियों से कायम पारस्परिक सम्मान, स्नेह और अटूट सामाजिक ताने-बाने को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
बीरवाह की प्रमुख सामाजिक शख्सियत गुल हसन खान ने एस. नरिंदरपाल सिंह बाली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतक की धर्मपत्नी इंदरजीत कौर, सुपुत्र एस. सिमरनजीत सिंह और अन्य शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। गुल हसन खान ने कहा कि मजहब और अकीदे से परे जाकर सुख-दुख की घड़ी में एक-दूसरे के साथ खड़ा होना ही समाज की सबसे बड़ी नैतिक जिम्मेदारी है। किसी अपने को खोने का दर्द कोई मजहब नहीं जानता। जब कोई परिवार गम के गहरे समंदर में डूबता है, तो पूरे पड़ोस और समाज का फर्ज बनता है कि वह उसकी ढाल बनकर खड़ा हो। यही हमारी कश्मीरियत की असली रूह है, जिसे हमें हर कीमत पर संजोकर रखना है।
पीढ़ियों पुरानी साझा रिवायतों का अटूट रिश्ता
अंतिम यात्रा में शामिल स्थानीय नागरिकों ने कहा कि बीरवाह में मुस्लिम और सिख परिवारों के बीच सदियों से अटूट पारिवारिक और सामाजिक संबंध रहे हैं। एक-दूसरे के गम और खुशी में शरीक होना हमारे सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। ये रिश्ते पीढ़ियों की साझी जिंदगी से तराशे गए हैं, जिन्हें किसी मजहबी पहचान के तराजू में नहीं तौला जा सकता। एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि अंतिम संस्कार में मुस्लिम पड़ोसियों की मौजूदगी केवल एक औपचारिक सांत्वना नहीं, बल्कि अपनेपन और साझी इंसानियत का खुला इजहार है। शोक में डूबे परिवार के साथ हर रस्म में मदद कर स्थानीय लोगों ने यह कड़ा और सकारात्मक संदेश दिया कि इंसानी रिश्ते और आपसी हमदर्दी हर दीवार से कहीं ऊंची होती है।
