भारत में चालू सत्र में गेहूं की बुवाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन अंतिम उत्पादन अप्रैल-मई, 2027 तक के मौसम पर निर्भर करेगा। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने ताजा रिपोर्ट में कहा कि फसल पर मौजूदा अल नीनो की स्थिति का भी असर देखने को मिल सकता है। एफएओ ने ‘क्रॉप प्रॉस्पेक्ट्स एंड फूड सिचुएशन’ रिपोर्ट में कहा कि मार्च से जून, 2027 के बीच काटी जाने वाली गेहूं की बुवाई भारत सहित सुदूर पूर्व देशों में मिट्टी की पर्याप्त नमी के बीच जारी है। भारत का गेहूं उत्पादन 2025 में 11.71 करोड़ टन था, जो 2026 में 12.07 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि पांच साल का औसत 11.18 करोड़ टन रहा है। एफएओ ने कहा, भारत में न्यूनतम समर्थन मूल्य और उर्वरक सब्सिडी सहित सरकारी प्रोत्साहनों की बदौलत आगे गेहूं की बुवाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है। भारत के अलावा चीन में गेहूं की बुवाई का रकबा पांच साल के औसत के करीब और पाकिस्तान में औसत से अधिक रहने का अनुमान है।
पीएलआई : चिकित्सा उपकरणों के विनिर्माण के लिए नए आवेदन मंगाए
सरकार ने देश में चिकित्सा उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए 2,700 करोड़ रुपये की उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत नए सिरे से आवेदन आमंत्रित किए हैं। साथ ही, योजना की अवधि बढ़ाकर 2035-36 तक कर दी गई है। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषध विभाग ने बताया कि योजना के दिशानिर्देशों को सरल बनाया गया है। नए निर्देशों के तहत वित्तीय प्रोत्साहन का दावा करने के लिए न्यूनतम बिक्री की अनिवार्य शर्त खत्म की दी गई है। आवेदन अगले 10 दिन में शुरू होने वाले ऑनलाइन पोर्टल से किया जा सकेगा। पात्र आवेदकों को चार लक्षित क्षेत्रों में विनिर्माण इकाई लगाने के लिए तीन साल का समय मिलेगा।