शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सुल्तानपुर

Sultanpur News:पारेषण उपकेंद्र फेल, मेडिकल कॉलेज समेत पांच फीडरों की बिजली ठप – Transmission Substation Fails; Power Supply Disrupted Across Five Feeders, Including The One For The Medical College

November 11, 2026


दूबेपुर। बिजली गुल होने से मंगलवार सुबह मेडिकल कॉलेज समेत पांच फीडरों से जुड़े हजारों उपभोक्ता परेशान रहे। पारेषण लाइन की आपूर्ति फेल होने से मंगलवार सुबह न्यू ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में एक घंटे तक बिजली ठप रही। घरों में पेयजल का संकट खड़ा हो गया। नहाने, खाना बनाने और अन्य जरूरी कामों में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

पयागीपुर स्थित 220 केवी पारेषण उपकेंद्र से न्यू ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र को आने वाली एचटी लाइन की आपूर्ति सुबह 6:40 बजे अचानक बंद हो गई। इसके चलते अहिमाने, रानीगंज, बाबाजीपुरम, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक फीडरों का संचालन ठप हो गया। कैलाशनगर, सीतानगर, विंध्यवासिनीनगर, घांसीगंज, जोगीवीर, दादूपुर, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय परिसर, मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक परिसर, अहिमाने बाजार और अलीगढ़ समेत कई गांवों में लोगों को परेशान होना पड़ा। सुबह के समय बिजली बंद होने से घरों में पानी की मोटर नहीं चल सकी। दैनिक कामकाज के साथ मेडिकल कॉलेज परिसर में बिजली आपूर्ति बाधित रही। अवर अभियंता प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि सुबह 7:45 बजे उपकेंद्र का संचालन बहाल कर आपूर्ति सामान्य करा दी गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X